साय कैबिनेट की बैठक आज:मानसून सत्र, अनुपूरक बजट और ट्रांसफर पॉलिसी पर लग सकती है मुहर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन स्थित कैबिनेट हॉल में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक होगी। सुबह साढ़े 11 बजे शुरू होने वाली इस बैठक में सरकार कई अहम मुद्दों पर फैसला ले सकती है। सबसे ज्यादा नजर आगामी विधानसभा मानसून सत्र की तैयारियों और नई स्थानांतरण नीति पर रहेगी। बताया जा रहा है कि कैबिनेट में 13 जुलाई से प्रस्तावित विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही चालू वित्तीय वर्ष के लिए अनुपूरक बजट और विभिन्न संशोधन विधेयकों के प्रारूपों को भी मंजूरी मिल सकती है। मानसून सत्र से पहले सरकार अपने विधायी एजेंडे को अंतिम रूप देने की तैयारी में है। खाद-बीज की उपलब्धता की होगी समीक्षा बैठक में प्रदेश में मानसून की सुस्त रफ्तार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठ सकता है। कई जिलों में बारिश सामान्य से कम होने के कारण खरीफ सीजन की बुआई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में धान समेत अन्य फसलों की बोनी, किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता और कृषि विभाग की तैयारियों की समीक्षा किए जाने की संभावना है। इसके अलावा शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लंबे समय से इंतजार में चल रहे तबादलों को लेकर भी चर्चा हो सकती है। नई स्थानांतरण नीति के प्रस्ताव पर कैबिनेट की मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है। अगर ऐसा होता है तो प्रदेश में बड़े पैमाने पर तबादलों का रास्ता साफ हो सकता है। कुल मिलाकर विधानसभा सत्र, किसानों की चिंता और प्रशासनिक फेरबदल जैसे मुद्दों के चलते साय सरकार की यह कैबिनेट बैठक काफी अहम मानी जा रही है। बैठक में लिए जाने वाले फैसलों पर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों हलकों की नजर रहेगी।

More From Author

स्कूल में आपत्तिजनक स्थिति में दिखे शिक्षक-शिक्षिका, VIDEO:कमरे में अश्लील हरकतें करते आए नजर, DEO बोले- जांच रिपोर्ट के आधार करेंगे कार्रवाई

केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन का इस्तीफा:21 जून को राज्यसभा कार्यकाल खत्म हुआ था; भाजपा ने दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *