तेजस शिर्से ने हर्डल रेस में नेशनल रिकॉर्ड बनाया:13.27 सेकेंड में 110 मीटर रेस पूरी की, कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालिफाई किया

भारतीय एथलीट तेजस शिर्से ने हर्डल रेस में नया रिकॉर्ड बना दिया है। उन्होंने शनिवार को 110 मीटर की रेस 13.27 सेकेंड में पूरी की। तेजस ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने मई 2024 में फिनलैंड के जैवस्किला में मोटोनेट जीपी मीट में 13.41 सेकेंड का रिकॉर्ड बनाया था। तेजस ने पंजाब के लुधियाना स्थित गुरु नानक स्टेडियम में इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-9 में यह रिकॉर्ड बनाया। वे इस टूर्नामेंट में रिलायंस फाउंडेशन को रिप्रेजेंट कर रहे थे। कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालिफाई किया तेजस ने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालिफाई कर लिया। उनका निर्धारित क्वालिफिकेशन मार्क 13.39 सेकेंड से बेहतर रहा। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आयोजन 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होगा। रांची में गोल्ड मेडल जीता तेजस चोट के कारण कुछ समय ट्रैक से दूर रहे थे। इसके बाद उन्होंने रांची में हुए फेडरेशन कप 2026 में गोल्ड मेडल जीता था। एशिया का छठा बेस्ट प्रदर्शन तेजस ने 13.27 सेकेंड का समय निकालकर एशिया का छठा बेस्ट प्रदर्शन भी दर्ज किया। यदि उनका चयन भारतीय टीम में होता है तो वह 2014 में सिद्धार्थ थिंगालाया के बाद कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने वाले पहले भारतीय मेंस 110 मीटर हर्डलर बन जाएंगे। रेस-बी में तेजस का दबदबा 110 मीटर हर्डल्स रेस-बी में तेजस ने शुरुआत से ही बढ़त बना ली थी। कृष्णिक एम ने उन्हें कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंतिम हर्डल से टकराने के बावजूद तेजस ने 13.27 सेकेंड में रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। कृष्णिक एम 13.55 सेकेंड के साथ दूसरे और राजस्थान के माधवेंद्र सिंह 14.00 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। दिल्ली के हरमनजीत सिंह 14.42 सेकेंड के साथ चौथे स्थान पर रहे। हरियाणा के शिवदर्शन ने 14.65 सेकेंड का समय निकालकर पांचवां स्थान हासिल किया। एयर फोर्स के तरनदीप सिंह भाटी 15.01 सेकेंड के साथ छठे और ऑल इंडिया पुलिस के सचिन कुमार 15.48 सेकेंड के साथ सातवें स्थान पर रहे। रेस-ए में पंकज पाल साहू विजेता रेस-ए में पंजाब के पंकज पाल साहू ने 14.65 सेकेंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। दिल्ली के शुभम रावत 14.77 सेकेंड के साथ दूसरे और बलराम शर्मा 14.85 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। राजस्थान के मुकुल 15.23 सेकेंड के साथ चौथे और उत्तर प्रदेश के शिवम सिंह 16.91 सेकेंड के साथ पांचवें स्थान पर रहे। अफसल कॉमनवेल्थ क्वालिफिकेशन से चूके पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में नेशनल रिकॉर्ड बनाने वाले मोहम्मद अफसल कॉमनवेल्थ गेम्स का क्वालिफिकेशन मार्क हासिल नहीं कर सके। उन्होंने 1:47 मिनट का समय निकाला, जबकि ग्लासगो 2026 के लिए निर्धारित क्वालिफिकेशन मानक 1:45 मिनट था। सचिन यादव बाहर, रोहित-जेना पर नजर जैवलिन वर्ल्ड चैंपियनशिप फाइनलिस्ट सचिन यादव कोहनी की चोट के कारण प्रतियोगिता से बाहर रह सकते हैं। ऐसे में रोहित यादव, शिवम लोहाकरे और किशोर कुमार जेना पर नजरें रहेंगी, जो कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करना चाहेंगे। वहीं दो बार के ओलिंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा भी पिछले साल लगी चोट से उबर रहे हैं और उनके कॉमनवेल्थ गेम्स में खेलने की संभावना फिलहाल कम मानी जा रही है।

More From Author

कन्या विवाह योजना में दुल्हनों को मिला नकली मंगलसूत्र,VIDEO:काला पड़ा तो कराई जांच, निकला गिलट, नवविवाहिताओं ने नया खरीदने पैसे मांगे, जांच के आदेश

नायब तहसीलदार पर रेप केस दर्ज:युवती बोली-शादी का झांसा देकर होटल में संबंध बनाया, सोशल-मीडिया पर हुई थी दोस्ती, तलाश में जुटी पुलिस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *