स्पोर्ट्स अपडेट:सिंधु ऑस्ट्रेलियन ओपन का सेमीफाइनल हारीं, फुटबॉल वर्ल्ड कप खेलने गई इंग्लिश टीम का सामान चोरी, दो लोग हिरासत में

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु का ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में सफर समाप्त हो गया है। महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल मुकाबले में सिंधु को जापान की वर्ल्ड नंबर-3 अकाने यामागुची के हाथों सीधे गेमों में 20-22, 12-22 से करारी हार झेलनी पड़ी। पहले गेम में कड़ी टक्कर देने के बाद सिंधु दूसरे गेम में पूरी तरह अपनी लय खो बैठीं और मुकाबला गंवा दिया। इस जीत के साथ ही टॉप सीड अकाने यामागुची ने बीडब्ल्यूएफ (BWF) टूर पर लगातार अपने चौथे फाइनल में जगह बना ली है। वहीं पिछले दो साल से खराब फॉर्म और चोट से जूझने के बाद वापसी की कोशिशों में जुटीं सिंधु का इस साल का पहला खिताब जीतने का सपना एक बार फिर टूट गया। पहले गेम में करीबी हार, आखिरी पलों की गलतियां पड़ीं भारी सिंधु को पहले गेम में जापान की वर्ल्ड नंबर-3 अकाने यामागुची के खिलाफ 20-22 से हार का सामना करना पड़ा। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, लेकिन आखिर में सिंधु की अपनी दो गलतियां उन पर भारी पड़ गईं। इसके चलते गेम में बढ़त बनाने का शानदार मौका उनके हाथ से निकल गया। उन्होंने शानदार शुरुआत की और मिड-गेम ब्रेक तक 11-9 की बढ़त बना ली थी। इसके बाद भी उन्होंने मैच पर पकड़ बनाए रखी और एक समय स्कोर 17-15 कर लिया। हालांकि, बढ़त को जीत में बदलने में वे सफल नहीं रहीं। आखिरी पलों में यामागुची ने लगातार दबाव बनाया और स्कोर 20-20 से बराबर कर दिया। इसके बाद सिंधु का एक स्मैश कोर्ट के बाहर चला गया, जिसका फायदा उठाते हुए यामागुची ने पहला गेम 22-20 से अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में यामागुची का दबदबा पहला गेम 20-22 से गंवाने के बाद पीवी सिंधु दूसरे गेम में भी लय हासिल नहीं कर सकीं। शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और स्कोर 5-5 की बराबरी पर था। सिंधु लंबी रैलियों के जरिए यामागुची पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन इसके बाद जापानी खिलाड़ी ने मैच की रफ्तार पूरी तरह अपने पक्ष में कर ली। यामागुची ने मजबूत डिफेंस के साथ आक्रामक खेल दिखाते हुए लगातार पांच अंक हासिल किए और मिड-गेम ब्रेक तक 11-6 की बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने सिंधु को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। यामागुची ने ड्रॉप शॉट्स और बैककोर्ट शॉट्स का शानदार संयोजन इस्तेमाल करते हुए सिंधु को लगातार कोर्ट में दौड़ाया। दूसरे हाफ में सिंधु का खेल बिखरा हुआ नजर आया। उनकी मूवमेंट और शॉट चयन में भी आत्मविश्वास की कमी दिखी, जिसका फायदा उठाकर यामागुची ने बढ़त 14-7 कर दी। इसके बाद जापानी शटलर ने मुकाबले पर पूरी पकड़ बनाए रखी और आसानी से दूसरा गेम 21-12 जीतकर फाइनल में जगह बना ली। फीफा वर्ल्ड कप से पहले इंग्लैंड टीम का सामान चोरी फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से ठीक पहले इंग्लैंड फुटबॉल टीम के साथ एक बड़ी घटना हो गई है। टीम के कैनसस सिटी पहुंचने से पहले ही उनके ट्रेनिंग इक्विपमेंट (सामान) चोरी हो गए हैं। लोकल पुलिस ने पुष्टि की है कि जिस गाड़ी में टीम का गियर और जरूरी सामान ले जाया जा रहा था, उसे तोड़कर चोरी की गई है। ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोरी हुए सामान में फुटबॉल और खिलाड़ियों के बूट्स (जूते) भी शामिल हैं। यह घटना तब हुई जब सामान को फ्लोरिडा के प्री-टूर्नामेंट कैंप से कैनसस सिटी के स्वोप सॉकर विलेज (ट्रेनिंग बेस) ले जाया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। इंग्लैंड को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ‘L’ में रखा गया है। इस ग्रुप में इंग्लैंड के साथ क्रोएशिया, घाना और पनामा जैसी टीमें हैं। भारतीय समयानुसार (IST) इंग्लैंड अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 18 जून को क्रोएशिया के खिलाफ मैच से करेगी। टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक 5 दिन पहले हुए इस हादसे से टीम के मैनेजमेंट की चिंताएं बढ़ गई हैं, क्योंकि खिलाड़ियों को अपने पसंदीदा और कस्टमाइज्ड बूट्स के साथ प्रैक्टिस करने का समय कम मिलेगा।

More From Author

असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना का ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट क्रैश:AN-32 विमान में लैंड करते ही आग लगी, दो हिस्सों में टूटा

पाकिस्तान में पेट्रोल 4 और डीजल 2 रुपया सस्ता:पेट्रोल 373.78 और हाई-स्पीड डीजल 378.78 रुपया लीटर हुआ, कीमतें आज से लागू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *