16 जून से ही खुलेंगे स्कूल….1 जुलाई का लेटर फर्जी:विभाग ने अफवाहों से बचने की दी सलाह, एडमिशन फेस्ट होगा, फ्री किताबें-यूनिफॉर्म भी मिलेंगी

छत्तीसगढ़ में 2026-27 शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 16 जून 2026 से ही होगी। लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि राज्य की सभी सरकारी और निजी स्कूल 16 जून (मंगलवार) से नियमित रूप से खुलेंगे और पढ़ाई शुरू हो जाएगी। विभाग ने बताया कि सोशल मीडिया पर 1 जुलाई 2026 से स्कूल खुलने की जो खबर वायरल हो रही है, वह पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है। विभाग ने ऐसी अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी है। 12 जून 2026 को जारी आदेश के अनुसार, स्कूल खुलने की डेट 16 जून निर्धारित की गई है। इसी दिन से नए सत्र की पढ़ाई शुरू होगी और सभी स्कूलों में नियमित रूप से कक्षाएं लगेंगी। आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील विभाग ने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है कि वे सिर्फ शिक्षा विभाग की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। साथ ही सोशल मीडिया पर आने वाली किसी भी खबर को बिना जांचे-परखे आगे शेयर न करें और पहले उसकी सच्चाई जरूर पता कर लें। मेधावी छात्रों का होगा सम्मान, मुफ्त किताबें भी मिलेंगी स्कूल खुलने के साथ ही एडमिशन फेस्ट होगा। तिलक लगाकर बच्चों का स्वागत किया जाएगा। नए बच्चों के एडमिशन के लिए गांवों-शहरों में मुनादी भी कराई जाएगी। पात्र विद्यार्थियों को फ्री किताबें, यूनिफॉर्म और साइकिल बांटी जाएगी। साथ ही ड्रॉपआउट बच्चों को वापस लाने स्पेशल प्लान तैयार किया गया है। बोर्ड और स्थानीय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्टूडेंट्स का सम्मान किया जाएगा। वहीं प्राइवेट स्कूलों को तय शेड्यूल के अनुसार फ्री किताबें दी जाएगी। किताबों के वितरण के लिए 12 डिपो बनाए गए हैं, जिनमें 6 स्थायी और 6 अस्थायी डिपो शामिल हैं। स्कूलों में मनाया जाएगा एडमिशन फेस्ट 16 जून से शाला प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को इसकी तैयारी के लिए जरूरी निर्देश दिए हैं। विभाग का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा बच्चों का स्कूल में प्रवेश सुनिश्चित करना, पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को वापस स्कूल से जोड़ना और बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करना है। निर्देशों के अनुसार, स्कूल खुलने से पहले परिसर, कक्षाओं और भवनों की साफ-सफाई और आवश्यक मरम्मत का काम पूरा किया जाएगा। शाला प्रवेश उत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए बैनर, पोस्टर, रैली और मुनादी का उपयोग किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्कूल प्रबंधन समितियों और अभिभावकों को भी आमंत्रित किया जाएगा। स्कूल छोड़ चुके बच्चों को लाने स्पेशल प्लान विभाग ने आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों की सूची लेकर पहली कक्षा में प्रवेश की तैयारी करने और पांचवीं पास विद्यार्थियों का छठवीं कक्षा में प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा पढ़ाई से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है। शिक्षकों के पेंडिंग मामलों के निराकरण और आगामी 3 महीनों की पढ़ाई की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। विभाग ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है। प्राइवेट स्कूलों को तय शेड्यूल के अनुसार मिलेंगी फ्री किताबें नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के गैर अनुदान प्राप्त प्राइवेट स्कूलों को कक्षा 1 से 10वीं तक की हिंदी और अंग्रेजी माध्यम की मुफ्त पाठ्यपुस्तकें तय कार्यक्रम के अनुसार दी जाएंगी। छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम ने इसके लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर वितरण योजना तैयार की है।

More From Author

बदमाशों ने ASI के बेटे को बोलेरो से कुचला, VIDEO:कोरबा में रास्ते को लेकर विवाद के बाद वारदात, 6 दिन बाद मौत; साथी घायल

व्हाइट हाउस बोला- फ्रांस में मोदी से मिलेंगे ट्रम्प:दोनों G7 समिट में हिस्सा लेंगे; प्रधानमंत्री फ्रांस-स्लोवाकिया की 6 दिन की यात्रा पर रवाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *