छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सबसे चर्चित युवा चेहरों में शामिल भिलाई विधायक देवेंद्र यादव इन दिनों प्रदेश की राजनीति में लगातार सुर्खियों में हैं। आंदोलनों से लेकर जेल जाने और फिर सक्रिय राजनीति में वापसी तक, उनका राजनीतिक सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला। दावा किया कि भाजपा अंदर से टूट चुकी है। भाजपा के कथित ऑफर पर कहा कि, जोड़-तोड़ की राजनीति उनका स्वभाव है। सत्ता एक मदमस्त हाथी की तरह है, इसलिए जनता की आवाज सुनाने आंदोलन जरूरी है। वहीं, मुख्यमंत्री बनने की चर्चा को उन्होंने अपनी उम्र में “अपरिपक्वता” बताया। उन्होंने कहा कि, मुझे कार्यकर्ता बनकर काम करना बेहतर लगता है। विधायक देवेंद्र यादव ने कांग्रेस की गुटबाजी, जेल के अनुभव और अपने राजनीतिक भविष्य पर भी बेबाकी से जवाब दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: विरोधी कहते हैं कि आप आंदोलन ही करते रहते हैं। आंदोलन के लिए राजनीति में हैं या राजनीति के लिए आंदोलन करते हैं? जबाव: जब तक हम आंदोलन के माध्यम से अपनी बात सत्ता तक नहीं पहुंचाएंगे तो काम कैसे चलेगा। सत्ता एक मदमस्त हाथी की तरह होती है। उसे जनता की आवाज सुनाने के लिए आंदोलन जरूरी है। सवाल: कांग्रेस में भूपेश बघेल, दीपक बैज, टीएस सिंहदेव और चरणदास महंत जैसे बड़े नेता हैं। आप खुद को कहां पाते हैं? जवाब: मुझे कार्यकर्ता के तौर पर काम करना बेहतर लगता है। पार्टी में बहुत सारे वरिष्ठ नेता हैं। हम सब राहुल गांधी के मार्गदर्शन में काम करते हैं। सवाल: ऐसी कौन सी बात कांग्रेस नहीं समझा पाई, जिसका नुकसान विधानसभा और लोकसभा चुनाव में हुआ? जवाब: कुछ कमियां हमारी रही होंगी। कुछ उन्होंने अपनी मशीनरी का दुरुपयोग किया होगा। कुछ हमारी रणनीति में भी कमी रही होगी। सवाल: आपको भरोसा है कि कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी? जवाब: लोगों में आक्रोश है। अब ऐसा नहीं लगता कि भाजपा दोबारा सत्ता में आ पाएगी। सवाल: कांग्रेस सत्ता में आती है तो क्या आप मुख्यमंत्री पद की दौड़ में खुद को देखते हैं? जवाब: ये बहुत अपरिपक्व बात होगी। मेरी उम्र अभी सिर्फ 36 साल है। मैं लोगों के बीच काम करना चाहता हूं। किसी भी चीज के लिए जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। सवाल: यानी आप पद नहीं, पार्टी और विचारधारा के लिए काम करना चाहते हैं? जवाब: मैं विचारधारा के लिए काम करना चाहता हूं। अगर पद की लड़ाई में पड़ गया तो शायद कुछ सार्थक नहीं कर पाऊंगा। सवाल: कांग्रेस को नए जय-वीरू की जोड़ी की जरूरत है? जवाब: इस पर बोलने के लिए मैं उपयुक्त व्यक्ति नहीं हूं। इस विषय पर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व बोले तो बेहतर होगा। सवाल: जनता सरकार के कामकाज से खुश है? जवाब: भाजपा अंदर से पूरी तरह टूट चुकी है। वहां एक ओल्ड गार्ड की टीम है और एक यंग गार्ड की। लेकिन ओल्ड गार्ड का कोई मार्गदर्शन लेना नहीं चाहता। भाजपा के कार्यकर्ता भी परेशान हैं। सवाल: भाजपा में कोई ऐसा चेहरा जो आपको ओवररेटेड लगता हो? जवाब: अजय चंद्राकर कोई सवाल कर देते हैं तो मंत्री बचते फिरते हैं। अपने ही वरिष्ठ नेताओं के सवालों का जवाब नहीं दे पाते। सवाल: क्या भाजपा की तरफ से कभी कोई ऑफर आया? जवाब: भाजपा जोड़-तोड़ की राजनीति करती है। वो तो करते ही रहते हैं। ED, CBI, हर तरह की FIR हमारे ऊपर हुई। लेकिन हम रुके या झुके क्या? हम तो मैदान में लड़ रहे हैं। सवाल: जब आप जेल में थे, तब राजनीति की चिंता ज्यादा थी या परिवार की? जवाब: मुझे भरोसा था कि मैंने कोई असंवैधानिक काम नहीं किया है। इसलिए ऊपरवाला मेरे साथ रहेगा। सवाल: जेल से लौटने के बाद खुद में क्या बदलाव महसूस किया? जवाब: जेल ने मुझे चीजों को छोड़ना सिखाया। जो चीजें आकर्षक दिखती हैं, उनसे मैंने दूरी बना ली। जेल का समय मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा सीख देने वाला दौर रहा। सवाल: कांग्रेस में गुटबाजी है? जवाब: राजनीति में ही गुटबाजी है। हर जगह गुटबाजी है। सवाल: अगले पांच साल में खुद को कहां देखते हैं? जवाब: मैं खुद को जनता के सुख-दुख का भागीदार बनकर काम करते हुए देखना चाहता हूं।
