कोंडागांव| यूनिसेफ इंडिया और यूनिसेफ छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिले की ग्राम पंचायत शंकरपुर का दौरा किया। टीम ने मानसिक स्वास्थ्य और बाल सुरक्षा के लिए युवोदय कोंडानार चैंप्स के सामुदायिक प्रयासों का अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल में यूनिसेफ इंडिया की फील्ड सेवाओं की प्रमुख अधिकारी सोलेदाद हरैरो, यूनिसेफ छत्तीसगढ़ प्रमुख सीमा कुमार, राज्य बाल संरक्षण विशेषज्ञ चेतना देसाई, राज्य सामाजिक और व्यवहार परिवर्तन कार्यक्रम विशेषज्ञ अभिषेक सिंह शामिल रहे। ग्राम शंकरपुर में सामुदायिक बैठक हुई। प्रतिनिधिमंडल का पारंपरिक बस्तरिया नृत्य और मांदर वादन से स्वागत किया गया। समुदाय के सदस्यों ने मानसिक स्वास्थ्य, बाल सुरक्षा और आओ बात करें अभियान के असर पर अपने अनुभव साझा किए। प्रतिनिधियों ने समुदाय की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
