रायपुर स्टेशन का हेल्थ कियोस्क सेंटर बना शो-पीस…:91 रुपए में 31 तरह की जांच का दावा, लेकिन मशीन ही 10 दिन से बंद

रायपुर रेलवे स्टेशन में यात्रियों को सस्ती स्वास्थ्य जांच सुविधा नहीं मिल पा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि यहां स्थापित हेल्थ कियोस्क सेंटर पिछले 10 दिनों से बंद पड़ा है। इसके चलते यात्रियों को न तो स्वास्थ्य सुविधाएं मिल पा रही हैं और न ही इमरजेंसी सुविधा। इसके चलते स्टेशन में आने वाले यात्री परेशान हैं। रायपुर रेलवे स्टेशन में सितंबर 2025 में हेल्थ सेंटर की शुरुआत की गई। रेलवे की ओर से हेल्थ केयर हब मेडिकोज सर्विस को पांच साल के लिए टेंडर जारी किया गया। टेंडर मिलने के बाद 9 सितंबर को स्टेशन के गेट क्रमांक-2 में मेडिकल स्टोर शुरू किया गया। इसी मेडिकल स्टोर में हेल्थ कियोस्क सेंटर शुरू किया गया। टेंडर शर्तों के अनुसार मेडिकल स्टोर में यात्रियों को आवश्यक स्वास्थ्य जांच के साथ ही दवाइयां मिलनी थी। लेकिन 8 महीने बाद ही हेल्थ कियोस्क सेंटर बंद हो गया और सभी तरह की जांच ठप हो गई। वहीं स्वास्थ्य परामर्श कक्ष का उपयोग भी नहीं हो रहा है। स्वास्थ्य परामर्श केंद्र बंद, एंबुलेंस भी नहीं
गुरुवार दोपहर 12.25 बजे भास्कर टीम रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 के गेट क्रमांक-2 पर यात्रियों की लगातार आवाजाही थी। यहां ठीक इन्क्वायरी सेंटर से सटे मेडिकल स्टोर के पास ही स्वास्थ्य परामर्श केंद्र बनाया गया है, लेकिन यह कमरा अंदर से बंद मिला। अंदर झांकने पर भीतर का नजारा स्टोर रूम जैसा नजर आया। कमरे के भीतर टेबल, कुर्सियां और मशीनें रखी हुई हैं, लेकिन उनका उपयोग नहीं हो रहा है। मेडिकल स्टोर पर एक युवती बैठी हुई थी। उसने बताया कि वह अकेले दुकान संभालती है। पूछताछ में उसने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में 31 तरह की जांच होनी थी, लेकिन हेल्थ कियोस्क मशीन खराब है इसलिए फिलहाल जांच नहीं हो पा रही है। यही नहीं रेलवे के टेंडर शर्तों के अनुसार स्वास्थ्य परामर्श केंद्र में दो फार्मासिस्ट को बैठना था, जो जांच और दवाइयां देते। वहीं एक एंबुलेंस भी संचालक को तैनात करना था, जिससे किसी भी तरह की इमरजेंसी पर मरीज को उच्च संस्थान में रेफर किया जा सके। लेकिन स्वास्थ्य परामर्श केंद्र में न तो फार्मासिस्ट मिले और न ही स्टेशन के बाहर एंबुलेंस तैनात थी। 91 रुपए में 31 तरह की जांच का दावा, लेकिन बीपी, शुगर और पल्स ही जांच रहे
रेलवे स्टेशन में स्थित मेडिकल स्टोर के बाहर एक बोर्ड भी लगाया गया है। बोर्ड में महज 91 रुपए में 31 प्रकार की स्वास्थ्य जांच उपलब्ध कराने का दावा किया गया है। इस जांच में ब्लड प्रेशर, पल्स रेट, बॉडी टेम्प्रेचर, ब्लड शुगर, बॉडी मास इंडेक्स, ऑक्सीजन सैचुरेशन, कोलेस्ट्रॉल, श्वसन दर, हीमोग्लोबिन, 6-लीड ईसीजी, ब्लड प्रेशर मॉनिटरिंग, विजन टेस्ट, कार्डियोवस्कुलर सिस्टम टेस्ट, ईयर टेस्ट और कलर ब्लाइंडनेस टेस्ट जैसी सुविधाएं शामिल हैं। लेकिन हकीकत में ये सभी जांच पूरी तरह से बंद हैं। यहां केवल बीपी, शुगर, पल्स और तापमान की जांच की सुविधा ही उपलब्ध है। संचालक और अफसर के दावे परामर्श केंद्र में टपकता है पानी
यहां जांच के लिए बहुत कम लोग आते हैं। यही नहीं परामर्श केंद्र में पानी टपकता है और चूहों की समस्या है। हेल्थ कियोस्क मशीन को सर्विसिंग के लिए भेजा गया है, क्योंकि हर 6 माह में ये जरूरी है।
– सुनील रामचंद्रानी, संचालक जांच के दावों की जांच करेंगे
रेलवे स्टेशन के मेडिकल स्टोर में 91 में रुपए में 31 प्रकार की जांच के दावों को कॉन्ट्रेक्ट के अनुसार चेक करना पड़ेगा। अगर मेडिकल स्टोर में फार्मासिस्ट नहीं बैठते हैं तो इसे दिखवाता हूं।
– दयानंद, डीआरएम रायपुर रेलवे मंडल

More From Author

उधारी वसूली के नाम पर घर में घुसकर मारपीट:रायगढ़ में 10 लाख नहीं देने पर जान से मारने की धमकी, 3 आरोपी अरेस्ट

TMC के 20 लोकसभा सांसदों का NCPI में विलय:कहा- पीएम के नेतृत्व में काम करेंगे; महुआ बोलीं- सुदीप बीमारी के बहाने दिल्ली गए, गद्दारी की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *