छत्तीसगढ़ के रायपुर के गोबरा नवापारा में सोमवार देर रात रेत से भरे हाइवा और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोगों को आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटना अभनपुर थाना इलाके की है। जानकारी के मुताबिक, पिपरौद-बजरंगपुर के पास निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास देर रात करीब 1:30 बजे रेत से लदी हाइवा सामने से आ रहे खाली ट्रक से टकरा गई। हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए। ट्रक में सवार लोग केबिन में बुरी तरह फंस गए। पहले 3 देखिए तस्वीरें… जेसीबी से फंसे लोगों को बाहर निकाला गया घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। तेज रफ्तार की वजह से हुआ हादसा बताया जा रहा है कि, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। जिस कारण टक्कर इतनी भीषण हो गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। जिसे बाद में पुलिस ने क्लियर किया। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही ही हादसे की वजह मानी जा रही है। फिलहाल, पुलिस की जांच जारी है। ………………………………. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… छत्तीसगढ़ में अलग-अलग सड़क हादसों में 7 मौतें: 9 घायल, जगदलपुर में कार ने दंपती को रौंदा, धमतरी में 4 की गई जान छत्तीसगढ़ में अलग-अलग सड़क हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई। धमतरी जिले के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में 4 लोगों की जान चली गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। वहीं जगदलपुर में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही जान चली गई। पढ़ें पूरी खबर…
