रतनपुर पुलिस ने बेलतरा ग्रामीण बैंक में सेंधमारी के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों ने बैंक के एटीएम और लॉकर में तोड़फोड़ करने का प्रयास किया था, जिसकी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। यह घटना शनिवार शाम की है, जब बैंक कर्मचारी ताला लगाकर अपने-अपने घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब बैंक खोला गया तो पीछे की दीवार में सेंध लगी हुई पाई गई। कर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना शाखा प्रबंधक को दी। बैंक प्रबंधक के आने के बाद बैंक के अंदर और बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक किया गया। जांच में पता चला कि अंदर लगा राउटर और स्टेबलाइजर अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। चोरों ने बैंक के लॉकर और एटीएम को तोड़ने की भी बड़ी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। रतनपुर टीआई नीलेश पांडेय ने बताया कि बैंक मैनेजर की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वारदात की रात का सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया, जिसमें चोर वारदात को अंजाम देते नजर आ गए। आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने बताया कि चोरी से पहले उन्होंने शराब पार्टी की थी। शराब पार्टी के बाद, वे दो बाइकों पर गैंती, टंगिया और रॉड जैसे औजार लेकर वारदात को अंजाम देने निकले थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया स्टेबलाइजर, राउटर, वारदात में इस्तेमाल की गई दो बाइकें और एटीएम व लॉकर तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की धारदार गैंती, टंगिया आदि जब्त कर लिए हैं। कई आपराधिक मामलों में शामिल हैं आरोपी पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सुमेष कश्यप उर्फ सोनू (29 वर्ष), निवासी नेवसा, सूरज कुमार विश्वकर्मा (26 वर्ष), गिधौरी, नवीन कुमार बैसवाड़े (28 वर्ष), निवासी नेवसा, खिकराम खैरवार उर्फ विक्की (25 वर्ष), निवासी गिधौरी और प्रकाश यादव उर्फ बौना (19 वर्ष), निवासी गिधौरी शामिल हैं। सरगना पहले पकड़ाया पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सबसे पहले सुमेष कश्यप को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर बैंक में चोरी की योजना बनाने की बात कबूल की। उसने बताया कि चोरी के इरादे से बैंक की दीवार में सेंध लगाई गई थी और लॉकर व एटीएम को तोड़ने की कोशिश की गई थी। इसके अलावा बैंक से राउटर और स्टेबलाइजर भी चोरी किए गए थे। सुमेष की निशानदेही पर पुलिस ने उसके अन्य चार साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
