जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों के एजेंडे का दैनिक भास्कर ने विश्लेषण किया तो पाया कि लगभग हर बैठक में वही समस्याएं दोहराई जा रही हैं। समिति की पिछली चार बैठकों में चंदनीडीह रोड पर बारिश के दौरान जलभराव से लगने वाले जाम, तेलघानी नाका चौक पर गोदामों के कारण जाम, रिंग रोड पर अवैध पार्किंग से बढ़ते हादसे, खम्हारडीह चौक पर डिवाइडर के अभाव और अवैध पार्किंग से जाम, रायपुरा चौक पर यात्री बसों के कारण जाम तथा रायपुरा से महादेव घाट तक हर घंटे लगने वाले जाम का मुद्दा लगातार उठाया गया। इसके बावजूद आज तक इनमें से किसी भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों के बाद कलेक्टर कई बार अधिकारियों के साथ सड़क पर भी उतरे, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो सका। इसी वर्ष 21 फरवरी 2026 को भी कलेक्टर ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया था। उन्होंने रायपुरा चौक की यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। कई स्थानों पर सड़क किनारे लगे पेड़ों, ट्रांसफार्मरों और बिजली के खंभों को बारिश से पहले शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन यह काम अब तक पूरा नहीं हुआ। अधिकारियों ने उस समय चंदनीडीह से महादेव घाट, मनुआस रियलिटी से महादेव घाट तथा रायपुरा चौक से सरोना तक सर्विस रोड चौड़ीकरण का प्रस्ताव होने की जानकारी दी थी, लेकिन इस पर भी आज तक काम शुरू नहीं हो सका। बार-बार इन बदलावों की बात, लेकिन कुछ नहीं किया इस बार की सड़क सुरक्षा समिति में लिए गए फिर वही फैसले फैसलों पर अमल जल्द; जमीन अधिग्रहण, फंड की जरूरत जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जो फैसले लिए गए हैं उस पर जल्द अमल किया जाएगा। कुछ फैसले ऐसे हैं, जिसमें जमीन अधिग्रहण, फंड की जरूरत है। उसमें समय लग सकता है। जो काम तत्काल हो सकते हैं उन्हें तुरंत ही किया जा रहा है। – विवेक शुक्ला, एडिशनल डीएसपी ट्रैफिक बैठक में सांसद बृजमोहन नाराज, बोले- 20 मिनट में कहीं भी पहुंच जाते थे, अब लग रहा एक घंटा जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों को लेकर ही अब सवाल खड़े होने लगे हैं। पिछले एक साल में समिति की करीब चार बैठकें हुईं, लेकिन सुझावों और समस्याओं पर अमल कुछ भी नहीं हुआ। समिति की हर बैठक में शहर का ट्रैफिक सुधारने के लिए सबसे ज्यादा जोर दिया गया, लेकिन सुझावों पर काम ही नहीं होने की वजह से जाम की स्थिति खत्म ही नहीं हो रही है। यही वजह है कि कलेक्टोरेट में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल अफसरों पर जमकर भड़के। उन्होंने कहा कि शहर का ट्रैफिक ऐसा हो गया है कि जहां पहुंचने में 20 मिनट लगते थे वहां अब घंटेभर का समय लग रहा है। शहर की कोई सड़क ऐसी नहीं है जहां जाम नहीं लगता है।
