बिलासपुर में मालगाड़ी हुई बेपटरी, 3 दिन में दूसरा हादसा:करगी रोड स्टेशन पर 3 डिब्बे ट्रैक से उतरे, JCB का बकेट भी फंसा

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर रेल मंडल में तीन दिन के भीतर दूसरा रेल हादसा सामने आया है। शनिवार को बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र में मालगाड़ी का एक वैगन पटरी से उतरने के बाद सोमवार को करगी रोड रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे बेपटरी हो गए। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई। सोमवार को बिलासपुर रेल मंडल के कोटा क्षेत्र स्थित करगी रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 से गुजर रही एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, आरपीएफ और इंजीनियरिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक बहाली का काम शुरू किया। देखिए पहले ये तस्वीरें- डिब्बों के नीचे मिला जेसीबी का बकेट हादसे के बाद डिब्बों के नीचे जेसीबी मशीन का बकेट फंसा मिला, जिससे मामला संदिग्ध हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे के कारण को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के पास चल रहे कार्य के दौरान जेसीबी का बकेट मालगाड़ी की चपेट में आ गया। वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कुछ युवक जेसीबी का बकेट रेलवे लाइन पार करा रहे थे। इसी दौरान मालगाड़ी उससे टकरा गई और बकेट डिब्बों में फंस गया, जिससे तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। रेलवे ने नहीं की आधिकारिक पुष्टि हालांकि, रेलवे प्रशासन ने अभी तक हादसे के कारण को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार ने कहा कि घटना के हर पहलू की तकनीकी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तकनीकी खामी से हुआ या किसी अन्य कारण से। कोई हताहत नहीं हादसे में किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद रेलवे की तकनीकी टीम ने बेपटरी डिब्बों को हटाने और ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने का काम शुरू किया। कुछ समय बाद रेल संचालन को सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। तीन दिन में दूसरा हादसा यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि शनिवार को बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र में भी एक मालगाड़ी का वैगन बेपटरी हो गया था। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरपीएफ भी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

नगालैंड में IED धमाका, असम राइफल्स का जवान शहीद:चार अन्य घायल, सुरक्षाकर्मी रुटीन मूवमेंट के तहत गुजर रहे थे; तभी वाहन उड़ाया

सुप्रीम कोर्ट बोला– लड़का-लड़की को भागने से सरकार कैसे रोकेगी:POCSO के दुरूपयोग पर चिंता जताई, कहा- यह नई चीजें आजमाने की उम्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *