बस्तर-पुलिस के वेतन में 1.5 से 2 करोड़ का घोटाला:3 कॉन्स्टेबल ने सैलरी बिल्स में किया हेराफेरी, ऑडिट में हुआ खुलासा; तीनों आरोपी अरेस्ट

छत्तीसगढ़ के बस्तर में पुलिस विभाग के कर्मचारियों के वेतन से जुड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। एसपी कार्यालय की वेतन शाखा में पदस्थ तीन कॉन्स्टेबल पर सैलरी बिल्स में हेराफेरी कर करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपए की सरकारी राशि का गबन करने का आरोप है। शुरुआती जांच में डेढ़ से दो करोड़ रुपए की वित्तीय गड़बड़ी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि ऑडिट पूरा होने के बाद गबन की वास्तविक रकम और बढ़ सकती है। जांच में यह भी सामने आया है कि यह पूरा खेल साल 2023 से चल रहा था। कर्मचारियों के सैलरी बिल्स में लगातार गड़बड़ी की आशंका के बाद विभाग ने शासकीय ऑडिट कराया, जिसके बाद इस घोटाले का खुलासा हुआ। फिलहाल, पुलिस ने मामले में तीनों आरोपी आरक्षकों को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़िए घोटाले की सिलसिलेवार पूरी कहानी… दरअसल, ऑडिट के दौरान सैलरी बिल्स और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड की जांच में बड़ी गड़बड़ियां सामने आईं। इसके बाद विभाग ने जांच कराई। शिकायत मिलने पर कोतवाली थाने में केस दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी। जांच में पता चला कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय की वेतन शाखा में तैनात आरक्षक गिरीश राय, राजकुमार कतलम और डीएसएफ आरक्षक हेमंत मैथ्यू ने मिलकर सैलरी बिल्स में गड़बड़ी की और सरकारी रकम का गबन किया। आरोप है कि तीनों ने डीडीओ के डिजिटल सिग्नेचर वाली पेन ड्राइव का गलत इस्तेमाल किया। उन्होंने सैलरी बिल्स में अलग-अलग भत्तों की रकम बढ़ाकर सरकारी पैसा अपने खातों में ट्रांसफर कर लिया। जांच में कई सैलरी बिल्स और रिकॉर्ड से छेड़छाड़ के सबूत भी मिले हैं। एक हफ्ते तक चली जांच करीब एक हफ्ते तक दस्तावेज, सैलरी बिल्स और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच के साथ पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने जुर्म स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने सोमवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, अब पुलिस यह पता लगा रही है कि इस घोटाले में सिर्फ यही तीन लोग शामिल थे या फिर किसी और की भी भूमिका है। इसके अलावा गबन की कुल राशि, रकम किन खातों में गई, कहां खर्च हुई और किन-किन लोगों को इसका फायदा मिला, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 316(5), 338, 336(3), 340, 61(2) और आईटी एक्ट की धारा 66(C) के तहत केस दर्ज किया है। ………………. क्राइम से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… साढ़े 18 हजार पर साइन, खाते में सिर्फ 13 हजार: सेंट्रल यूनिवर्सिटी के सुरक्षा गार्ड बोले- हो रहा वेतन घोटाला, श्रम आयुक्त से शिकायत बिलासपुर के गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (CU) की सुरक्षा का काम देख रही इगल हंटर सॉल्यूशंस लिमिटेड कंपनी पर गार्डों के वेतन भुगतान में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। आरोप है कि कंपनी सरकार के नियमों के अनुसार 18,593 रुपए वेतन दिखाकर गार्डों से कागजों पर हस्ताक्षर करवा लेती है, लेकिन उनके बैंक खातों में केवल 13,000 रुपए ही जमा किए जा रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

नशे के खिलाफ ब्लॉग बनाने वाला गांजा के साथ पकड़ाया:वीडियो में दुर्ग पुलिस से कहा था- थोड़ा ध्यान दीजिए; मां बोली- कार्रवाई गलत

RRB ग्रुप D रिजल्ट के इंतजार में बने मीम्स:रेलवे भर्ती बोर्ड ने रिजल्ट किया जारी, 1 करोड़ उम्मीदवारों ने दी थी परीक्षा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *