नकटी गांव में 80 घर तोड़े गए,ग्रामीणों ने घेरा कलेक्ट्रेट:कांग्रेस विधायक चातुरीनंद बोलीं- गरीबों का घर उजाड़कर हमें ऐसा विधायक आवास बिल्कुल नहीं चाहिए

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नकटी गांव में सोमवार को 80 घरों पर बुलडोजर चला दिया गया। अब इसके विरोध में बुधवार को गांव वालों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर दिया। उनका कहना है कि, प्रशासन ने जो घर दिया है, उसमें किसी तरह की सुविधाएं नहीं है। घर इतने छोटे हैं कि, उसमें परिवार का रह पाना संभव नहीं है। ग्रामीणों के इस प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने कलेक्ट्रेट में बैरिकेडिंग की भी व्यवस्था की है। इस प्रदर्शन में रायपुर जिला कांग्रेस के नेता भी मौजूद है। फिलहाल अधिकारी ग्रामीणों को समझाने की कोशिश में जुटे है। वहीं, कांग्रेस विधायक चातुरीनंद ने कहा कि, हम जनता का सिर छिपाने के लिए चुने गए हैं, छत छीनने के लिए नहीं। गरीबों का घर उजाड़कर उन्हें ऐसा विधायक आवास बिल्कुल नहीं चाहिए। बता दें कि, विधायक कॉलोनी बनाने के लिए ही घरो को तोड़ा गया है। पहले देखिए बुलडोजर चलाने की तस्वीरें… कांग्रेस विधायक ने योजना को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग वहीं, सरायपाली से कांग्रेस विधायक चातुरीनंद ने नकटी गांव तोड़ने के विरोध में सीएम साय को पत्र लिखा है। उन्होंने सीएम से योजना वापस लेने या नया रायपुर में कहीं योजना को शिफ्ट करने की मांग की है। विधायक ने इस पूरी घटना को अत्यंत पीड़ादायक, अमानवीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। “हम जनता का सिर छिपाने के लिए चुने गए हैं, छत छीनने के लिए नहीं” चातुरीनंद ने पत्र में लिखा है कि, गरीबों का आशियाना उजाड़कर जनप्रतिनिधियों के लिए आलीशान आवास बनाना किसी भी तरह से न्यायोचित नहीं है। जनता ने हमें उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए चुना है, न कि उनके सिर से छत छीनकर अपने लिए सुविधाएं खड़ी करने के लिए। मैं इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध करती हूं और नकटी गांव के सभी पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी हूं। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि, गरीबों का घर उजाड़कर उन्हें ऐसा विधायक आवास बिल्कुल नहीं चाहिए। विधायक का सुझाव- नवा रायपुर में सैकड़ों एकड़ सरकारी जमीन खाली, वहां बनाएं कॉलोनी विधायक चातुरी नंद ने मुख्यमंत्री को पत्र के माध्यम से सुझाव दिया है कि, यदि विधायकों के लिए आवास कॉलोनी का निर्माण बहुत जरूरी है, तो नवा रायपुर में सैकड़ों एकड़ सरकारी रिक्त भूमि उपलब्ध है। वहां एक आधुनिक और सुव्यवस्थित विधायक कॉलोनी विकसित की जा सकती है, जिससे राजधानी के किसी भी गरीब परिवार को बेघर होने की पीड़ा नहीं झेलनी पड़ेगी। तत्काल रोक लगाने और उचित मुआवजे की मांग सरायपाली विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आग्रह किया है कि, वे इस अमानवीय कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाएं। साथ ही, जो परिवार प्रभावित हुए हैं, उनके तत्काल पुनर्वास और उचित मुआवजे की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ………………………… इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… नकटी गांव के विस्थापितों की खुले आसमान में कटी रात:लोग बोले- बिजली काटकर बुलडोजर चलाया, सांसद ने झूठ बोला; प्रभावितों से मिले भूपेश बघेल रायपुर के नकटी गांव में सोमवार तड़के 4 बजे अचानक बिजली काट दी गई और फिर बुलडोजर चलाकर 80 घरों को ढहा दिया गया। इसके बाद कई विस्थापितों ने खुले आसमान के नीचे रात बिताई, जिनमें बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं शामिल थीं। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

वॉट्सएप के यूजरनेम फीचर की जांच करेगी सरकार:कहा- टेलीग्राम की तरह गलत इस्तेमाल की आशंका; नए फीचर में यूजरनेम से भी होगी चैट

वेनेजुएला में मारे गए भारतीय नाविक के ब्रेन, फेफड़े-दिल निकाले:परिवार बोला- शरीर पर 22 कट मिले, पोस्टमॉर्टम पहले ही हो चुका था

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *