फंड की कमी से जूझ रहे हैं स्कूल:आत्मानंद स्कूलों में पहली बार लगेगा प्रवेश शुल्क, हाई स्कूल में 500, हायर सेकेंडरी में 550 रुपए लगेंगे

प्रदेश के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में अब तक पूरी तरह नि:शुल्क प्रवेश मिलता था, लेकिन नए शिक्षा सत्र 2026-27 से यह व्यवस्था बदल जाएगी। राज्य सरकार ने पहली बार आत्मानंद स्कूलों में भी प्रवेश के समय स्थानीय शुल्क लेने का निर्णय लिया है। यह शुल्क कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों से लिया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार हाई स्कूल के छात्रों से 500 रुपए और हायर सेकेंडरी के छात्रों से 550 रुपए शुल्क लिया जाएगा। सरकार के इस फैसले के पीछे सबसे बड़ी वजह आत्मानंद स्कूलों की आर्थिक स्थिति बताई जा रही है। अब तक इन स्कूलों में किसी प्रकार का स्थानीय शुल्क नहीं लिया जाता था, जिससे विद्यालयों के पास गतिविधियों, प्रयोगशाला सामग्री, खेल सामग्री, परीक्षा संचालन और अन्य मूलभूत जरूरतों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं हो पाती थी। कई आत्मानंद स्कूलों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी उधार या अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाओं का सहारा लेना पड़ रहा था। विभागीय स्तर पर लंबे समय से यह मांग उठ रही थी कि इन स्कूलों को स्थानीय स्तर पर भी संसाधन जुटाने का अधिकार दिया जाए। वहीं, सामान्य शासकीय हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के स्थानीय शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। हाईस्कूल (9वीं-10वीं) में कुल स्थानीय शुल्क 410 रुपए से बढ़ाकर 500 रुपए कर दिया गया है, जबकि हायर सेकेंडरी (11वीं-12वीं) में 445 रुपए के स्थान पर अब 550 रुपए देने होंगे। आदेश में शुल्क वृद्धि का कारण परीक्षा सामग्री, खेल सामग्री और विज्ञान प्रयोगशालाओं की बढ़ती लागत को भी बताया गया है।

More From Author

बस्तर में बादलों का डेरा:पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय हुआ मानसून; बारिश की गतिविधियां तेज होंगी, एक हफ्ते वर्षा संभव

राजस्थान में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक में टक्कर,7 की मौत:एक्सीडेंट के बाद आग लगी; 5 पैसेंजर्स जिंदा ही जले, 22 लोग घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *