दुर्ग में सिलेंडर ब्लास्ट से 4 लोग जिंदा जले:शॉर्ट सर्किट से लगी थी आग; मृतकों में 2 बहनें, पिता, डेढ़ साल की बच्ची शामिल

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक ही परिवार के चार लोग जिंदा जल गए। मृतकों में 2 बहनें, पिता और एक डेढ़ साल की बच्ची शामिल है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है। यह मामला कुम्हारी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक कुम्हारी के एक मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। आग किचन तक पहुंच गई, जिससे गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि आग की लपटों ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया। घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर निकल नहीं सके और जिंदा जल गए। आसपास के लोगों ने धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग काफी विकराल हो चुकी थी। इसके बाद घर के अंदर से चार लोगों के शव बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि जिस वक्त हादसा हुआ, उस समय घर में 2 बहनें मौजूद थीं। इनमें से एक शादीशुदा थी, जिसकी डेढ़ साल की बेटी भी घर में थी। घर में दोनों बहनों के पिता भी मौजूद थे। हादसा इतना भयावह था कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर में पहले इलेक्ट्रिक वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। आग छत के रास्ते फैलते हुए किचन तक पहुंच गई। इसके बाद आग की चपेट में सिलेंडर आ गया, जिससे जोरदार ब्लास्ट हुआ। हादसे के वक्त सभी लोग घर में सो रहे थे और धमाके के कारण उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिल पाया। हादसे के बाद घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। मौके से जले हुए शव बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

More From Author

रिटेल महंगाई अप्रैल में बढ़कर 3.48% पर पहुंची:खाने-पीने की चीजें महंगी होने का असर; अमेरिका-ईरान जंग से महंगाई और बढ़ सकती है

छत्तीसगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:सिलेंडर ब्लास्ट में 4 जिंदा जले, गर्लफ्रेंड से बात करने पर मर्डर, कैंडिडेट्स फिर देंगे नीट एग्जाम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *