जमीन और वन अधिकार को लेकर पण्डो समाज का प्रदर्शन:रामानुजगंज में रैली निकालकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, फर्जी पट्टों पर कार्रवाई की मांग

रामानुजगंज छत्तीसगढ़ पण्डो विशेष पिछड़ी जनजाति समाज कल्याण समिति ने शुक्रवार को रामानुजगंज में एक विशाल आमसभा और रैली का आयोजन किया। प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष उदय कुमार पण्डो के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में समाज के महिला-पुरुष, युवा और ग्रामीण शामिल हुए। यह आयोजन पण्डो जनजाति के भूमि अधिकार और वन अधिकार पत्रों की मांग को लेकर किया गया था। समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि भूमाफिया उनकी पुश्तैनी काबिज काश्त भूमि, सिंहदेव प्रकरण व्यवस्थापन भूमि और सेटलमेंट भूमि पर अवैध कब्जा कर रहे हैं। वक्ताओं ने बताया कि अशिक्षा और आर्थिक कमजोरी का फायदा उठाकर कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से कई जमीनों के पट्टे अन्य लोगों के नाम करा लिए गए हैं। इससे अनेक आदिवासी परिवार अपनी पैतृक भूमि से वंचित हो गए हैं। इसके अतिरिक्त, कई पात्र परिवारों को अब तक वन अधिकार पत्र नहीं मिल पाए हैं, जबकि वे वर्षों से वनभूमि पर काबिज होकर खेती कर रहे हैं। समाजजनों ने भूमाफियाओं की गतिविधियों के कारण गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों के लगातार शोषण, प्रताड़ना और अन्याय का आरोप लगाया। आमसभा के बाद समाज के लोगों ने शांतिपूर्ण रैली निकाली। परंपरागत वाद्य यंत्रों, तीर-धनुष और सामाजिक प्रतीकों के साथ यह रैली नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए एसडीएम कार्यालय रामानुजगंज पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। फर्जी पट्टों पर कार्रवाई की मांग रैली के समापन पर, समाज के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें पण्डो जनजाति की भूमि की निष्पक्ष जांच कर मूल हितग्राहियों को वापस दिलाने, फर्जी पट्टों को निरस्त करने, पात्र परिवारों को वन अधिकार पत्र प्रदान करने और भूमाफियाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

More From Author

बस्तर में बढ़ रही बारिश, सरगुजा में घट रही:50 सालों में बदला मानसून का ट्रेंड, जून-जुलाई कमजोर, अगस्त-सितंबर में ज्यादा बरसात

जगदलपुर में पुराने फिल्टर प्लांट में लगी आग:मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम, आग पर काबू पाने की कोशिश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *