छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंच सकता है। इसके लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। वहीं प्रदेश में अगले 5 दिनों तक गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवा और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा का असर देखने को मिला। प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का सबसे अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रायपुर में रिकॉर्ड किया गया। इस बदलते मौसम के बीच कोरबा के लेमरू इलाके में शुक्रवार को आंधी-तूफान के दौरान पति-पत्नी पर पेड़ गिर गया। हादसे में पति शिवरतन माझी (54) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है। दोनों अपनी लापता बकरी की तलाश में जंगल गए थे। उप सरंपच सहित 3 की मौत वहीं कांकेर के अंतागढ़ में मनरेगा कार्य के दौरान पेड़ के नीचे खड़े ग्रामीणों पर बिजली गिर गई। हादसे में उप सरपंच समेत 3 लोगों की मौत हो गई और 5 घायल हो गए। शुक्रवार तड़के आंधी-तूफान से भेड़िया नवागांव स्थित BSNL का 131 फीट ऊंचा टावर गिर गया। यहां अंधड़ से 50 से अधिक पेड़ उखड़ गए और 11 से ज्यादा बिजली के पोल टूट गए, मुंगेली में गुरुवार शाम आए आंधी से शराब दुकान का शेड हवा में उड़ गया। ये तस्वीरें देखिए… 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा मौसम विभाग ने आज (शनिवार) प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी जारी की है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। रायपुर में बारिश और धूलभरी आंधी के आसार आज बादल छाए रहे सकते हैं, गरज-चमक, बारिश और धूलभरी आंधी की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
