केशकाल के सिलाटी गांव में बीमार तेंदुआ दिखा:मकान के सामने बैठा, लोगों में दहशत, वन विभाग रेस्क्यू में जुटा

कोंडागांव जिले के केशकाल वन परिक्षेत्र के ग्राम सिलाटी में बुधवार, 17 जून 2026 को एक तेंदुआ गांव में घुस आया। सुबह से एक मकान के सामने बैठे इस तेंदुए की हालत सामान्य नहीं लग रही है। ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ काफी कमजोर और बीमार दिखाई दे रहा है, जिसके चलते वह लंबे समय से एक ही स्थान पर बैठा हुआ है। गांव में पहली बार तेंदुआ दिखने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दक्षिण वन मंडल केशकाल की डीएफओ दिव्या गौतम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तेंदुए के आसपास घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की। ग्रामीणों को तेंदुए से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उसके पास न जाने की सख्त हिदायत दी गई है। वन विभाग की टीम तेंदुए की स्थिति का लगातार निरीक्षण कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेंदुआ बीमार या घायल हो सकता है, जिसकी पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही होगी। रेस्क्यू दल तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर उपचार के लिए वन्यजीव विशेषज्ञों की निगरानी में भेजने की तैयारी कर रहा है। फिलहाल, वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और तेंदुए के सफल रेस्क्यू के प्रयास जारी हैं। ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा वन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

More From Author

जामुल चाकूबाजी…पांच आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद:पीड़ितों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, बोले- टल सकती थी वारदात

रायपुर में 29 जून को लगेगी डाक अदालत:स्पीड पोस्ट से लेकर बीमा तक की शिकायतों की सुनवाई, 24 जून तक जमा करनी होगी शिकायतें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *