छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में वेयर हाउस रोड पर तेज रफ्तार बेकाबू कार ने स्कूटी सवार छात्र को जोरदार टक्कर मारी, फिर सामने से गुजर रही स्कूल की मिनी बस से जा भिड़ी। स्कूटी सवार छात्र 10 फीट ऊपर हवा में उछलकर नीचे गिरा। जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे का लाइव CCTV भी सामने आया है। वहीं, मल्हार में हाईवा की टक्कर से एक और युवक की मौत हो गई। जबकि, दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पहली घटना सिविल लाइन थाना और दूसरी घटना मस्तूरी थाना इलाके की है। फिलहाल, पुलिस दोनों ही मामलों की जांच कर रही है। पहली घटना: कार ने स्कूटी सवार को उड़ाया जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे कार क्रमांक सीजी 10 बीएच 7752 तेज रफ्तार से वेयरहाउस रोड की ओर जा रही थी। संजीवनी अस्पताल के सामने ड्राइवर ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार लड़का दूर उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूटी को टक्कर मारने के बाद ड्राइवर कार पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित कार सामने से गुजर रही स्कूल की मिनी बस क्रमांक सीजी 10 एनबी 8858 से जा टकराई। टक्कर से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि बस में उस समय ऐसा कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोट नहीं आई। आसपास के लोगों ने पहुंचाया अस्पताल हादसे के बाद घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल घायल युवक को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया। घायल की पहचान रुद्र प्रताप शर्मा पिता मुकेश शर्मा (16) निवासी अभिषेक नगर, मंगला के रूप में हुई। वह स्कूली छात्र था। ड्राइवर ने शुरुआती इलाज के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। घटना के बाद तुरंत फरार हुए कार सवार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद कार ड्राइवर और उसमें सवार बाकी लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। नाबालिग के वाहन चलाने की आशंका घटना स्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि, हादसे के समय कार एक नाबालिग चला रहा था। हादसे के बाद उसके साथ मौजूद लोग भी तत्काल वहां से भाग निकले। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि, सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और वाहन के दस्तावेजों के आधार पर ड्राइवर की पहचान की जा रही है। यदि जांच में यह पुष्टि होती है कि वाहन नाबालिग चला रहा था, तो मोटर वाहन अधिनियम और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत वाहन स्वामी सहित संबंधित लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दूसरी घटना: हाईवा की टक्कर से युवक की मौत, दो की हालत गंभीर वहीं, मस्तूरी थाना के मल्हार चौकी इलाके में रविवार दोपहर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नवोदय विद्यालय के पास हुई, जहां सीसीआर कंपनी में संचालित एक हाईवा ने दो बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक घायल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। रविवार दोपहर करीब 1 बजे नवोदय विद्यालय के पास सीसीआर कंपनी में संचालित हाईवा क्रमांक सीजी 22 एजी 7796 की बाइक क्रमांक सीजी 22 एक्स 5695 और सीजी 15 ईएल 4335 से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक ने तोड़ा दम, घायलों का चल रहा इलाज दुर्घटना में घायल हुए लोगों की पहचान संतोष भैंना पिता दादूराम भैंना (30) निवासी बूढ़ीखार, धनंजय डहरे (26) निवासी मुढ़ीपार बिल्हा और शैलू मीरी पिता बल्लू मिरी (45) निवासी मुढ़ीपार बिल्हा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती इलाज के बाद उन्हें रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने शैलू मिरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं संतोष भैंना और धनंजय डहरे का गंभीर अवस्था में इलाज जारी है।
