करैत के काटने से 2 बच्चों समेत 3 की मौत:बलरामपुर में 2 भाइयों, जशपुर में महिला को डसा, 3 दिन में 6 मौतें

सरगुजा जिले में सांप के काटने से 3 लोगों की मौत हो गई। तीनों का अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज जारी था, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतकों में दो सगे भाई और एक महिला शामिल हैं। इसमें दो भाइयों को गुरुवार रात बलरामपुर में करैत सांप ने काट लिया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, एक महिला जशपुर क्षेत्र में सर्पदंश का शिकार हुई थी, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया था। बता दें कि 3 दिन पहले भी सांप के काटने से 3 लोगों की मौत हो गई थी। इस तरह सिर्फ 3 दिनों में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में सर्पदंश से कुल 6 लोगों की मौत हो चुकी है। बलरामपुर में करैत सांप ने 2 भाइयों को काटा जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के पिपरसोत गांव में गुरुवार रात 9 साल का विकास नगेशिया और उसका 3 साल का भाई विक्रांत नगेशिया खाट पर सो रहे थे। करीब 11:30 बजे विकास को शरीर में कुछ काटने का एहसास हुआ, जिसके बाद उसकी नींद खुल गई और उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर घरवाले मौके पर पहुंचे तो खाट पर करैत सांप दिखाई दिया। घबराकर परिजन दोनों बच्चों को तुरंत पिपरसोत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें गंभीर हालत में अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान कुछ ही देर में विकास की मौत हो गई, जबकि छोटे भाई विक्रांत को ICU में रखा गया था। बाद में शाम करीब 4 बजे उसकी भी मौत हो गई। जशपुर में सर्पदंश से महिला की मौत जशपुर जिले के डोकड़ा गांव की रहने वाली 43 वर्षीय सेबेपितया को 30 जून की रात सांप ने डस लिया। वह उस समय चटाई बिछाकर जमीन पर सो रही थी। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो कमरे में करैत सांप दिखाई दिया। इसके बाद महिला को तुरंत फरसाबहार अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बरसात में बढ़ी घटनाएं इधर, मानसून के साथ ही प्रदेश में सर्पदंश के मामले भी बढ़ने लगे हैं। 3 दिन पहले अंबिकापुर जिले में सांप के काटने से 3 लोगों की मौत हो गई। बलरामपुर जिले के ग्राम डंभाटोली में जमीन पर सो रहे पिता और बेटी को जहरीले सांप ने डस लिया था। इसके अलावा सरगुजा के लखनपुर में 13 साल की एक लड़की को करैत सांप ने काट लिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। ………………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… घर में मिले 10 बेबी कोबरा और 27 अंडे, VIDEO:सरगुजा में सांप काटने से 3 मौतें; जमीन पर सो रहे पिता-बेटी को डसा छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर रायगढ़ जिले के कांदादोड़ा गांव में एक घर की नींव के नीचे कोबरा के 27 अंडे मिले। सूचना पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने 10 बेबी कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया, जबकि बाकी बच्चे पहले ही अंडों से निकलकर वहां से जा चुके थे। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

अब ज्वेलर्स के पास भी जमा कर सकेंगे सोना:बैंक के अलावा नए कलेक्शन पार्टनर बनेंगे, नई गोल्ड मोनेटाइजेशन स्कीम लाने का प्लान

भाजपा नेता ने पहनाई माला, महिला सरपंच का सामाजिक बहिष्कार:खैरबार समाज बोला- मर्यादा के खिलाफ, बकरा-भात खिलाने की रखी शर्त

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *