नवा रायपुर के नकटी गांव में 85 परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में शुक्रवार को बेमेतरा जिला कांग्रेस कमेटी ने सिग्नल चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला जलाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुतला दहन को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। किसी भी स्थिति को संभालने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने आरोप लगाया कि सरकार गरीब परिवारों के घर उजाड़ रही है। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में लोगों को बेघर करना गलत है और बिना ठीक से पुनर्वास और मुआवजा दिए 85 मकानों को तोड़ना अमानवीय कदम है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मकानों को तोड़कर वहां विधायक आवास बनाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिन परिवारों को अस्थायी जगह दी गई है, वहां बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं हैं। साथ ही बड़े संयुक्त परिवारों को केवल एक-एक कमरा दिया गया है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। कांग्रेस ने मांग की है कि सभी प्रभावित परिवारों को जल्द उचित मुआवजा, वैकल्पिक आवास और सम्मानजनक पुनर्वास दिया जाए। साथ ही इस पूरे मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
