अंतागढ़ इलाके के कलगांव में गोदी खोदने गए ग्रामीणों पर आकाशीय बिजली गिरने से उपसरपंच समेत तीन की मौत हो गई। पांच लोग घायल हैं। ग्राम पंचायत कलगांव में मनरेगा योजना के तहत सामुदायिक तालाब गहरीकरण का कार्य चल रहा है। कार्य करने 12 जून की सुबह गांव के 68 ग्रामीण मजदूर पहुंचे थे। सुबह 7 बजे बारिश शुरू होने पर ग्रामीण आसपास के पेड़ के नीचे आश्रय लेने चले गए। इसी दौरान कुसुम पेड़ पर बिजली गिरी। उसके नीचे खड़े कई ग्रामीण चपेट में आ गए। संतोष पटेल (45) की मौके पर ही मौत हो गई। उपसरपंच मनराज पटेल (32) और प्रकाश पटेल (46) ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया। पांच गंभीर घायल महिलाओं को भी अस्पताल लाया गया। इनमें वार्ड पंच राजबत्ती गावड़े, शारदा पटेल, मेट संगीता यादव, रामेश्वरी दर्रों तथा तुलसी पटेल शामिल हैं। वार्ड पंच राजबत्ती की स्थिति गंभीर है। परिजनों को मिलेगा 4-4 लाख मुआवजा
अंतागढ़ तहसीलदार वीरेंद्र नेताम ने कहा, प्राकृतिक आपदा के तहत मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए का मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
