महाकुंभ का पहला शाही स्नान (अमृत स्नान) आज है। जूना अखाड़ा पहले शाही स्नान के लिए तैयार हो गया है। थोड़ी देर में साधु-संत संगम के लिए निकलेंगे। किन्नर संत जूना अखाड़ा पहुंच गए हैं। मकर संक्रांति पर 13 अखाड़ों के शैव, शाक्त और वैष्णव संप्रदाय के साधु-संत संगम में स्नान करेंगे। हर अखाड़े को 30 से 40 मिनट का समय दिया गया है। जूना अखाड़े के साथ ही किन्नर अखाड़ा भी स्नान करेगा। भारी भीड़ को देखते हुए मेले के बाद अब प्रयागराज शहर में भी वाहनों की नो एंट्री कर दी गई है। शाही स्नान का साक्षी बनने के लिए 50 से ज्यादा देशों के श्रद्धालु महाकुंभ में पहुंच चुके हैं। अनुमान के मुताबिक, मकर संक्राति (आज) पर 2 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान करेंगे। कल पौष पूर्णिमा पर 1.65 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई थी। संगम घाट अखाड़ों के लिए रिजर्व रहेगा। बाकी घाटों पर श्रद्धालु स्नान कर सकेंगे। मकर संक्रांति पर्व पर अखाड़ों का अमृत स्नान करीब साढ़े 9 घंटे तक चलेगा। हालांकि, शिविर से निकलने और वापस आने में 12 घंटे से भी अधिक समय लगेगा। महाकुंभ के पहले स्नान से जुड़े पल-पल के अपडेट्स और वीडियो के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
