धमतरी नगर निगम में 8 एल्डरमैन ने ली शपथ:कलेक्टर ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ; महापौर बोले-सभी एल्डरमैन विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे

धमतरी नगर निगम में सोमवार को आठ नामनिर्दिष्ट एल्डरमैन ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने सभी एल्डरमैन को बारी-बारी से शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में जनप्रतिनिधि, पार्षद और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। इससे पहले सभी एल्डरमैन महापौर रामू रोहरा के साथ नारेबाजी करते हुए सभा हॉल पहुंचे। शपथ ग्रहण के बाद सभा हॉल में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर सभी एल्डरमैन का स्वागत किया। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के करीब ढाई साल बाद नामनिर्दिष्ट एल्डरमैन की सूची जारी की गई थी। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने सभी को संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखने, भारत की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का निष्पक्षता से पालन करने की शपथ दिलाई। महापौर बोले- मिलकर आगे बढ़ाएंगे विकास कार्य महापौर रामू रोहरा ने कहा कि सभी नामनिर्दिष्ट एल्डरमैन अपनी नई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे और शहर के विकास कार्यों को गति देंगे। उन्होंने बताया कि सभी पार्षदों के सहयोग से नए विकास कार्य पूरे किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि एल्डरमैन को मिलाकर अब नगर निगम में कुल 48 पार्षद हो गए हैं, जो 40 वार्डों में बेहतर तरीके से काम करेंगे। जनहित में ईमानदारी से काम करने का लिया संकल्प शपथ लेने वाले एल्डरमैन में अशोक सिन्हा, प्राची सोनी, रितिका यादव, अरविंदर मुंडी, सीमा चौबे, दिलीप पटेल, विजय सिंह ठाकुर और भागवत यादव शामिल हैं। सभी ने कहा कि शासन के प्रतिनिधि के रूप में नगर निगम में मिली जिम्मेदारी का वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने नगर विकास, जनहित, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही पार्षदों के साथ मिलकर नगर हित से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती से उठाने की बात कही।

More From Author

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के विरोध में कांग्रेस का धरना:नवीन जायसवाल बोले- यह करोड़ों रामभक्तों की आस्था पर सीधा आघात

तेलंगाना में 6 लोगों का हत्यारा मृत मिला:पॉक्सो में फंसने के बाद पीड़िता, उसके दो सदस्यों समेत अपनी पत्नी-दो बेटों का किया था मर्डर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *