छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में घर में घुसकर बदमाश ने बुजुर्ग दंपती को धारदार हथियार दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में घुसा और चाकू की नोक पर बुजुर्ग दंपती को धमकाया। इसके बाद वह महिला के गले से सोने का नेकलेस लूटकर मौके से फरार हो गया। वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें नकाबपोश आरोपी साफ तौर पर नजर आ रहा है। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर 24 घंटे के भीतर आरोपी विभान्शु महोबिया (21) को गिरफ्तार कर लिया, जो कि मध्य प्रदेश के मंडला जिले के रहना वाला है। जांच में सामने आया कि आरोपी वर्तमान में भिलाई नगर थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल सेक्टर स्थित किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, धारदार हथियार और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। मामला नेवई थाना क्षेत्र का है। पहले ये 4 तस्वीरें देखिए… घर में अकेले थे बुजुर्ग दंपती पुलिस के मुताबिक, प्रगति नगर स्थित शुभकामना हाइट्स के फ्लैट नंबर-109 में रहने वाले वी. कुमार (59) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को वे ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी दौरान उनके घर में काम करने वाली गिरजा यादव ने फोन कर सूचना दी कि उनके सास-ससुर के घर में अज्ञात युवक घुस आया है। सोने का नेकलेस लेकर फरार हुआ आरोपी शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अपने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। घर में घुसने के बाद उसने बुजुर्ग दंपती को धारदार हथियार दिखाकर धमकाया और सोने-चांदी के जेवर, नकदी की मांग की। इस दौरान वह सोने का एक नेकलेस लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद नेवई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित परिवार, गवाहों से पूछताछ की और तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाइक, हथियार और कपड़े भी जब्त पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, धारदार हथियार और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लूट की नीयत से ही घर में घुसा था। उसने बुजुर्ग दंपती को हथियार के बल पर डराकर जेवर और नकदी लूटने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की किसी वारदात में शामिल रहा है या नहीं। …………… इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… रायपुर में गैस एजेंसी मैनेजर से 10 लाख की लूट,VIDEO: बाइक सवार नकाबपोशों ने पहले क्रॉस किया, यू-टर्न मारकर पैसों से भरा बैग छीना
रायपुर में शनिवार को गैस एजेंसी के मैनेजर से 10 लाख रुपए की लूट हुई है। बाइक सवार 3 नकाबपोश लुटेरों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया है, जिसका CCTV फुटेज भी सामने आया है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर…
