शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाया:रागयढ़ में स्कूल जाने घर से निकली थी; दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्कूल जाने के लिए घर से निकली नाबालिग को शादी का झांसा देकर युवक अपने साथ भगा ले गया। आरोप है कि उसने नाबालिग के साथ रेप किया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को बिलासपुर के सीपत से गिरफ्तार कर लिया और पीड़िता को सकुशल बरामद कर रिश्तेदारों को सौंप दिया। मामला कोतरारोड़ थाना क्षेत्र का है। 11 फरवरी को पीड़िता की मां ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी 15 साल 11 माह की बेटी सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। शाम को स्कूल से बेटी के अनुपस्थित रहने की सूचना मिलने पर रिश्तेदारों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने ने आशंका जताई कि किसी युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि नाबालिग, 27 वर्षीय सूरज कुमार साहू निवासी पकरिया भाठापारा (लटिया), थाना अकलतरा के साथ है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन का विश्लेषण किया, जिसमें आरोपी की लोकेशन बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल वहां रवाना हुई। सीपत से नाबालिग को सकुशल बरामद किया पुलिस ने सीपत पहुंचकर कार्रवाई करते हुए नाबालिग को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद किया। बरामदगी के समय पीड़िता के माता-पिता भी मौजूद थे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी काम के सिलसिले में किरोड़ीमल क्षेत्र आया था, जहां उसकी नाबालिग से जान-पहचान हुई थी। पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी जेल भेजा गया महिला पुलिस अधिकारी के सामने दर्ज बयान में पीड़िता ने बताया कि आरोपी सूरज कुमार साहू उसे नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

More From Author

मंत्री बोले- नकटी के सिर्फ 1 वार्ड से हटा अतिक्रमण:गांव नहीं उजड़ा, कांग्रेस भड़का रही, भूपेश ने कहा- आंख मिलाकर झूठ बोल रही सरकार

श्रीलंका 142 रन से आगे:वेस्टइंडीज की पहली पारी में 499 रन, ग्रीव्स ने 180 रन बनाए, दूसरी पारी में श्रीलंका का स्कोर 92/2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *