छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मछली कारोबारी की मजदूरों ने हत्या कर दी। आरोपी मजदूरी नहीं बढ़ाने और कारोबारी के बर्ताव से नाराज थे। आरोपियों ने कारोबारी पर चाकू से 40 से ज्यादा बार वार किए। कारोबारी के पीठ, पेट और कंधे पर चोट के निशान मिले। यहां तक उसकी अतड़ियां भी बाहर आ गई थी। वारदात के बाद आरोपी 37 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच के बाद 2 नाबालिगों समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह मामला नगरी थाना क्षेत्र के गोरेगांव का है। पहले देखिए ये तस्वीरें- अब जानिए पूरा मामला यह वारदात 27 जून की रात हुई। जानकारी के अनुसार, विप्लव मंडल (55) गरियाबंद जिले के बोइरगांव दर्रीपारा के रहने वाले हैं। वे धमतरी में मछली का कारोबार करते थे। घटना के समय वह अपने कर्मचारी चुम्मन यादव के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। गोरेगांव के पास पहले से घात लगाए मजदूरों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले विप्लव मंडल के सिर पर हमला किया। इसके बाद कर्मचारी चुम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। चुम्मन किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला। इसके बाद आरोपियों ने विप्लव मंडल पर 2 चाकुओं से लगातार 40 से ज्यादा बार हमला किया। इस हमले में कारोबारी की अतड़ियां भी बाहर आ गई थी। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कारोबारी को नगरी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि मछली कारोबारी की हत्या उनके फिश फार्म में काम करने वाले मजदूरों ने की है। 2 नाबालिगों समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मजदूरी नहीं बढ़ाने से नाराज थे मजदूर पुलिस ने बताया कि विप्लव मंडल एक निजी फिश फार्म चलाते थे और गिरफ्तार सभी आरोपी वहीं मजदूरी करते थे। मजदूरों ने मजदूरी बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का यह भी कहना है कि कारोबारी अक्सर उनके साथ गलत तरीके से पेश आते थे और गाली-गलौज करते थे। इसी बात को लेकर वे काफी समय से नाराज थे। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में आरोपियों ने 25 जून 2026 को हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन उस दिन वे अपने इरादे में सफल नहीं हो सके। 25 जून को भी बनाया था हत्या का प्लान पुलिस ने बताया कि 25 जून को भी हत्या का प्लान बनाया था। लेकिन फेल होने के बाद आरोपियों ने 27 जून को फिर से हमले का फैसला किया। उन्होंने पहले से कारोबारी की हर गतिविधि पर नजर रखी। जैसे ही पता चला कि वह नगरी बाजार से मछली बेचकर लौट रहा है, सभी आरोपी गोरेगांव-भैंसमुड़ा रोड के सुनसान जंगल में छिपकर उसका इंतजार करने लगे। वहां पहुंचते ही उन्होंने लकड़ी के डंडों और चाकुओं से कारोबारी पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी कारोबारी के पास से 37 हजार रुपए और मोबाइल लेकर फरार हो गए। बाद में उन्होंने लूट की रकम आपस में बांट ली। जांच के दौरान पुलिस ने टंकेश्वर नेताम उर्फ मयंक नेताम (19), सुरेंद्र यादव (26) और जगदीश विश्वकर्मा (50) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के बोईरगांव के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। वहीं, इस मामले में शामिल 2 नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा। वहीं पुलिस ने कर्मचारी चुम्मन यादव को भी सह आरोपी बनाया है। ………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… कॉन्स्टेबल की पत्नी-बेटे को 32 बार चाकू गोदकर मारा:घर आई युवती ने पहले खाना खाया, फिर किया वार; पति से था अफेयर छत्तीसगढ़ के दुर्ग में युवती ने घर घुसकर आरक्षक की पत्नी और उसके 9 साल के बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने महिला पर 18 और सो रहे बच्चे पर चाकू से 14 वार किए। मामला सुपेला थाना क्षेत्र के STF कॉलोनी का है। इस हमले में 2 बेटियां गंभीर रूप से घायल हुई है। एक बेटी ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। पढ़ें पूरी खबर…
