भूपेश पेंड्रा पहुंचे, सराफा व्यापारी के घरवालों से की मुलाकात:पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने छत्तीसगढ़ की कानून व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने अल्प प्रवास पर पेंड्रा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सराफा व्यापारी स्वर्गीय प्रदीप सोनी के परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। परिजनों से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार और राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। बघेल ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जैसे शांत इलाकों का जिक्र करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में पहले कभी कोई अप्रिय घटना नहीं सुनी गई, वहां अब बंदूक की नोंक पर अपहरण और हत्या जैसी वारदातें सरेआम हो रही हैं। उन्होंने बैकुंठपुर का भी उदाहरण दिया, जहां वे पीड़ित परिवारों से मिलकर आए हैं और लोग पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। प्रदेश में सरकार नाम की चीज नहीं: भूपेश बघेल उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में वर्तमान सरकार के खिलाफ माहौल बन चुका है और राज्य में सरकार नाम की कोई चीज दिखाई नहीं दे रही है। उज्जैन और अयोध्या को लेकर पूछे गए सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि उज्जैन में सिंहस्थ मेला होने वाला है और वहां के मुख्यमंत्री ने आसपास की सैकड़ों एकड़ जमीन खरीद ली है, जिसकी जांच होनी चाहिए कि इसके लिए पैसे कहां से आए। बघेल ने भाजपा, आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जिस तरह 11वीं शताब्दी में मोहम्मद गजनवी ने सोमनाथ को लूटा था, ठीक उसी तरह इन लोगों ने पूरी अयोध्या को लूट लिया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में जमीन से लेकर चढ़ावे तक में लूट मची है, छोटे-छोटे व्यापारियों की दुकानें तोड़ दी गईं और लोग सड़कों पर आ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने केवल मंदिर ही नहीं, बल्कि पूरी अयोध्या को लूटने का काम किया है। इस दौरान भूपेश बघेल के साथ कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, मरवाही के पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव, प्रदीप शर्मा, प्रशांत मिश्रा, अभयनारायण राय सहित कई कांग्रेसी नेता उपस्थित रहे। कानून व्यवस्था और अपराध को लेकर जताई चिंता पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था इसलिए बिगड़ रही है, क्योंकि सत्ता पक्ष अपराधियों को बचा रहा है और उन्हें संरक्षण दे रहा है। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि पहले लोग उत्तर प्रदेश और बिहार के अपराधों की चर्चा करते थे, लेकिन अब छत्तीसगढ़ भी उसी स्थिति की ओर बढ़ रहा है। भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य में पुलिस व्यवस्था कमजोर हो गई है और अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि आम लोग और व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। पेंड्रा दौरे के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार और संगठन पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में हालात ऐसे हो गए हैं कि अब पूरा राज्य अपराध का गढ़ बनता जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि हत्या, लूट, डकैती और अपहरण जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता और व्यापारियों में डर का माहौल है।

More From Author

दिल्ली रेप-मर्डर, दावा- आरोपी नपुंसक निकला:रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई; बोला- रेप की कोशिश की, कर नहीं सका फिर मर्डर किया

शराब के नशे में चाकू लहराकर कर रहा था गुंडागर्दी:जान से मारने की दी धमकी, पुलिस से हुई शिकायत, गिरफ्तारी के बाद भेजा जेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *