छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था, लेकिन सोमवार से मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। दोपहर के बाद आसमान में बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इसके चलते अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी का अनुमान जताया गया है। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक हो चुकी है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। पिछले कई दिनों से लोग तेज गर्मी और उमस से परेशान थे। दोपहर के समय गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था। ऐसे में मानसून की शुरुआत का लोग लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। सोमवार दोपहर मौसम बदलने के साथ ही लोगों ने राहत की सांस ली और मौसम में ठंडक घुल गई। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे सप्ताह आसमान में आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। पहली बारिश में खुली सफाई व्यवस्था की पोल दोपहर के समय लगभग पौने घंटे हुई तेज बारिश ने नगर की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। पहली ही बारिश में गंधरी पुलिया के पास नाले का गंदा पानी भर गया, जिससे वहां लगाया गया चेंबर भी प्रभावित हुआ। घुटनों तक पानी भर जाने से यह मार्ग आवागमन के लिए पूरी तरह बंद हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश सोमवार को शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। सुबह तेज धूप के बाद करीब 11 बजे से खड़गांव, धरमजयगढ़, छाल और आसपास के क्षेत्रों में लगभग दो घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश के दौरान छाल क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे कई इलाकों में बिजली गुल रही।
