छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ। इस बदलते मौसम के बीच कोरबा के लेमरू इलाके में शुक्रवार को आंधी-तूफान के दौरान पति-पत्नी पर पेड़ गिर गया था। हादसे में पति शिवरतन माझी (54) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है। दोनों अपनी लापता बकरी की तलाश में जंगल गए थे। उप सरंपच सहित 3 की मौत वहीं कांकेर के अंतागढ़ में मनरेगा कार्य के दौरान पेड़ के नीचे खड़े ग्रामीणों पर बिजली गिर गई। हादसे में उप सरपंच समेत 3 लोगों की मौत हो गई और 5 घायल हो गए। शुक्रवार तड़के आंधी-तूफान से भेड़िया नवागांव स्थित BSNL का 131 फीट ऊंचा टावर गिर गया। यहां अंधड़ से 50 से ज्यादा पेड़ उखड़ गए और 11 से ज्यादा बिजली के पोल टूट गए, मुंगेली में गुरुवार शाम आए आंधी से शराब दुकान का शेड हवा में उड़ गया। ये तस्वीरें देखिए… तेज हवा चलने की चेतावनी मौसम विभाग ने रविवार के लिए प्रदेश के कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक मौसमी द्रोणिका (ट्रफ) मध्य पाकिस्तान से लेकर बांग्लादेश तक राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल होते हुए गुजर रही है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी हुई हैं। रायपुर में बारिश की संभावना रायपुर में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक, बारिश या धूलभरी आंधी की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
