मुंगेली जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डुमरहा खार में 11 बकरियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृत बकरियों में पांच गर्भवती थीं, जबकि दो अन्य बकरियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना से पशुपालक किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, चिल्फी निवासी बिसाहू राम यादव, सुरेंद्र यादव और बाबूलाल यादव 23 जून को अपनी लगभग 70 बकरियों के झुंड को चराने के लिए ग्राम चिल्फी से डुमरहा खार ले गए थे। चराई के दौरान सुबह बकरियों ने पानी पिया, जिसके कुछ समय बाद अचानक एक-एक कर बकरियां गिरने लगीं। खेत में अलग-अलग जगह मिले शव प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेत में पांच से दस फीट की दूरी पर 11 बकरियों के शव पड़े मिले। अचानक हुई इस घटना से पशुपालकों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। मृत बकरियों में पांच गर्भवती होने से नुकसान और अधिक बढ़ गया है। किसानों को हुआ भारी नुकसान पीड़ित किसानों ने बताया कि बकरी पालन ही उनकी आय का प्रमुख साधन है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बकरियों की मौत से उन्हें गहरा आर्थिक झटका लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को सूचित किया तथा मामले की शिकायत चिल्फी थाने में दर्ज कराई। पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज सूचना मिलने पर चिल्फी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृत बकरियों का पंचनामा तैयार कर पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दी है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए बकरियों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जांच जारी चिल्फी थाना प्रभारी रघुवीर प्रसाद चंद्रा ने बताया कि बकरियों की मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
