कोरबा में नकाबपोश चोरों की करतूत CCTV में कैद:ताला तोड़कर नकदी और खाने का सामान ले उड़े बदमाश, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित महामाया होटल में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात चोरी की वारदात सामने आई है। नकाबपोश बदमाशों ने होटल का ताला तोड़कर नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, यह वारदात रात करीब 3:50 बजे हुई। मंगलवार (22 जून) सुबह जब होटल संचालक दुकान खोलने पहुंचे तो होटल के भीतर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। सामान बिखरा पड़ा था और काउंटर व अलमारी के ताले टूटे हुए थे। कैश काउंटर से नकदी लेकर फरार जांच करने पर पता चला कि चोर कैश काउंटर से लगभग 5 हजार रुपये नकद और कुछ अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं। घटना की जानकारी तत्काल स्थानीय लोगों और उरगा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फिंगरप्रिंट सहित अन्य महत्वपूर्ण सबूत इकट्ठी किए हैं। सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए चोर पुलिस ने होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जब्त कर लिए हैं। शुरुआती जांच में फुटेज में कुछ संदिग्ध दिखाई दिए हैं, जिनके चेहरे कपड़े से ढके हुए हैं। इसी वजह से उनकी पहचान करने में कठिनाई हो रही है। पुलिस आसपास की दुकानों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज उरगा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 331 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है। बढ़ती चोरी की घटनाओं से व्यापारी चिंतित क्षेत्र के व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से भैसमा बाजार और आसपास के गांवों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई दुकानों को चोर निशाना बना चुके हैं, जिससे व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग करने की मांग की है। उनका कहना है कि सख्त निगरानी और गश्त से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। पुलिस ने बढ़ाई निगरानी उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर लगातार नजर रख रही है तथा चोरी की इस घटना का जल्द खुलासा करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

More From Author

बलौदाबाजार जिला जेल निरीक्षण में मिला नाबालिग बंदी:समिति ने किशोर न्याय बोर्ड भेजने की प्रक्रिया शुरू की,सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई

11 बकरियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:मुंगेली के डुमरहा खार में पानी पीने के बाद मरी मिली बकरियां, प्रशासन जांच में जुटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *