राजधानी में मानसून की दस्तक के साथ ही नशे के खिलाफ ‘ऑपरेशन क्लीन’ शुरू किया जाएगा। इसके लिए पुलिस ने गली-मोहल्लों के उन हॉट स्पॉट की पहचान की है, जहां लगातार कार्रवाई के बावजूद नशीली टेबलेट, सिरप और गांजा का अवैध कारोबार जारी है। इसमें सबसे ज्यादा इलाके रायपुर वेस्ट जोन के हैं। पुलिस ने तस्करों के नाम, मोबाइल नंबर और पते सहित विस्तृत डाटा तैयार किया है। जल्द ही इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस बार माइक्रो लेवल पर कार्रवाई की जाएगी। पहले चरण में उन लोगों को पकड़ा जाएगा, जिनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही हैं। चिन्हित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी जाएगी। इसके बाद उनसे जुड़े सप्लायर और नेटवर्क तक पहुंचकर पूरी चेन को तोड़ा जाएगा। कार्रवाई योजनाबद्ध तरीके से की जाएगी, ताकि किसी भी स्तर पर तस्करी जारी न रह सके। तस्करों को संरक्षण देने वालों पर भी कार्रवाई होगी। तस्करी का तरीका बदला: ट्रांसपोर्ट और कुरियर का इस्तेमाल
तस्करों ने अब ट्रांसपोर्ट, कुरियर और बसों के जरिए नशे का सामान भेज जा रहे हैं। कपड़ों और खाने-पीने की वस्तुओं में छिपाकर पार्सल भेजे जा रहे हैं। हाल ही में एक ट्रांसपोर्ट पार्सल जब्त किया गया, जिसमें मशीन के नाम पर बुकिंग थी, लेकिन अंदर गांजा भरा मिला। दूसरे राज्यों से आ रहीं नशीली दवाएं
रायपुर में ओडिशा, महाराष्ट्र और मप्र से बैन टेबलेट, कैप्सूल और सिरप की सप्लाई हो रही है। कार्रवाई के बाद हर बार नए तस्कर सामने आ जाते हैं। अब तस्कर रायपुर के बजाय दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार, धमतरी और बेमेतरा में नशे का सामान डंप कर रहे हैं और वहां से छोटी खेप में राजधानी तक पहुंचा रहे हैं। छापेमारी के बावजूद नहीं थमा कारोबार
पुलिस ने शहर में नशे के कारोबार से जुड़े 211 हॉटस्पॉट चिन्हित किए हैं। इनमें सेंट्रल जोन में 56, वेस्ट जोन में 93 और नार्थ जोन में 62 क्षेत्र शामिल हैं। तेलीबांधा, हीरापुर, टाटीबंध, खमतराई, उरला और दलदल सिवनी प्रमुख हॉटस्पॉट हैं। इन इलाकों में लगातार छापेमारी के बावजूद अवैध कारोबार पूरी तरह नहीं रुक पा रहा है। बड़े तस्कर बाहर, नेटवर्क सक्रिय
कमिश्नरी लागू होने के बाद कई बड़े तस्कर जेल भेजे गए या जिलाबदर किए गए हैं। इसके बावजूद उनके करीबी अवैध कारोबार चला रहे हैं। पुलिस ने तस्करी में शामिल दो सिपाहियों को जेल भेजा और अन्य पर कार्रवाई की है। पीआईटी एनडीपीएस, सफेमा, एनएसए व जिलाबदर के तहत भी कदम उठाए जा रहे हैं। तस्करों पर लगातार कार्रवाई
रायपुर कमिश्नरी में अब तक 332 तस्करों को पकड़ा जा चुका है। इनमें 78 तस्कर दूसरे राज्यों के हैं, जिन्हें गिरफ्तार कर लाया गया है। नए तस्करों की सूची तैयार की जा रही है, जिन पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।- डॉ. संजीव शुक्ला, पुलिस कमिश्नर रायपुर
