विशेषज्ञ बोले- आगे हार्ट के ब्लॉकेज खोलने वाली असरदार दवाएं आएंगी सर्जरी घटेगी; सेहत के लिए 8 घंटे नींद, 8 घंटे काम……

दैनिक भास्कर के लिए कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. मनोज गुप्ता ने पद्म अवॉर्डी डॉ. एबी मेहता व अमेरिकी यूनिवर्सिटी के प्रो. डॉ. डग्गुबती से विशेष चर्चा की
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर अब दिल के इलाज के मामले में महानगरों से पीछे नहीं है, लेकिन आज युवाओं का टूटता दिल चिंता बढ़ा रहा है। आगे 10 साल में कार्डियोलॉजी में क्रांतिकारी बदलाव होंगे, जहां एआई डॉक्टरों का वर्कलोड घटाएगा। ऐसी असरदार दवाएं आएंगी जो बिना सर्जरी के धमनियों के ब्लॉकेज को खोलेंगी। ओपन हार्ट सर्जरी घटेगी। कोविड वैक्सीन से हार्ट अटैक बढ़ने की अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए विशेषज्ञों ने साफ किया है कि इसका वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। दिल की बीमारियों को जड़ से खत्म करने के लिए स्कूलों से ही ‘हेल्थ एजुकेशन’ की शुरुआत हो। स्वस्थ जीवन के लिए 8 घंटे काम, 8 घंटे नींद व स्वास्थ्य और 8 घंटे परिवार को देने का फॉर्मूला अपनाएं। यह कहना है रायपुर आए पद्मश्री एवं पद्मभूषण मुंबई के जसलोक अस्पताल के कार्डियोलॉजी डायरेक्टर डॉ. अश्विन बालाचंद मेहता और अमेरिका की वेस्ट वर्जीनिया यूनिवर्सिटी के कार्डियोलॉजी प्रोफेसर डॉ. रमेश डग्गुबती का। दैनिक भास्कर के लिए कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. मनोज गुप्ता ने दोनों से बातचीत की। पेश है प्रमुख अंश… युवाओं में हार्ट अटैक की वजह- धूम्रपान, प्रदूषण, खराब नींद: डॉ मेहता छत्तीसगढ़ में कार्डियोलॉजी की मौजूदा सुविधाओं को कैसे पाते हैं?
-यहां के प्रोग्राम और कैथेट्राइजेशन लैब की क्षमताएं देखकर खुशी होती है। रायपुर में इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी की सुविधाएं और क्षमताएं भारत के किसी भी बड़े महानगर के बराबर हैं। 30 से 40 साल के युवाओं में हार्ट अटैक बढ़ रहे हैं, वजह क्या है?
-तीन मुख्य कारण हैं- 1. स्मोकिंग, 2. हाइपरटेंशन, 3. फैमिली हिस्ट्री। प्रदूषण, मिलावटी खाना, खराब स्लीप हैबिट्स भी कारण हैं। अब टेस्टिंग सुधरने से बीमारियों की पहचान आसान हो गई है। हार्ट अटैक से बचने के लिए कौन सी 3 आदतें अपनानी चाहिए?
-1. मर्यादित व नियंत्रित आहार 2.अच्छी नींद 3. स्ट्रेस मैनेजमेंट। तनावमुक्त होकर अपना कर्म करें। रायपुर का ‘हार्ट हेल्थ रोडमैप 2030’ बनाना हो, तो क्या करेंगे?
-सबसे पहले स्कूलों में हेल्थ एजुकेशन शुरू होनी चाहिए। दूसरा, बचपन से ही घर और स्कूल में बच्चों को नैतिक शिक्षा दी जानी चाहिए ताकि वे मानसिक रूप से मजबूत और अनुशासित बन सकें। स्ट्रेस कम करने योग व ब्रीदिंग एक्सरसाइज अनिवार्य करें : डॉ. डग्गुबती हृदय रोगों को रोकने के लिए आप सरकार को क्या सुझाव देना चाहेंगे?
-स्मोकिंग पर प्रतिबंध लगना चाहिए। ऑफिस या काम की जगह पर स्ट्रेस कम करने के लिए योग और ब्रीदिंग एक्सरसाइज को अनिवार्य करें। हवा सुधारने पर विशेष ध्यान दें। 10 वर्षों में इंटरवेंशनल कार्डियक साइंस में कौन सा बदलाव होगा?
-चिकित्सा क्षेत्र में एआई का जबरदस्त प्रभाव देखने को मिलेगा। भविष्य में ऐसी दवाएं आ सकती हैं, जो सीधे ब्लॉकेज पर अटैक करके उसे बिना सर्जरी के खत्म कर देंगी। क्या एआई और रोबोटिक्स के आने से ओपन हार्ट सर्जरी कम होगी?
-यह बदलाव पहले ही आ चुका है। एआई ने एक्स-रे, ईसीजी और इकोकार्डियोग्राम पढ़ने में डॉक्टरों का वर्कलोड कम किया है। रोबोटिक्स के आने से सर्जिकल प्रोसीजर कम हुए हैं और कैथेटर-बेस्ड यानी बिना चीरे वाले प्रोसीजर बढ़ गए हैं। 40 उम्र के बाद हार्ट रिस्क से बचने को कौन सी जरूरी जांचें करानी चाहिए?
-40 की उम्र के बाद हर व्यक्ति को नियमित रूप से ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल और डायबिटीज की जांच करानी चाहिए। साथ ही, एरोबिक एक्सरसाइज जरूर करनी चाहिए। सवाल: लोगों का मानना है कि कोविड वैक्सीन से हार्ट अटैक का खतरा बढ़ा है?
जवाब: कोविड वैक्सीन से हार्ट अटैक बढ़ने की बात साबित नहीं हुई है। लोग स्मोकिंग, शराब और स्ट्रेस जैसी असली वजहों को छिपाकर अक्सर वैक्सीन को दोष देते हैं, जबकि वैक्सीन के फायदे इसके साइड इफेक्ट्स से कहीं ज्यादा हैं।

More From Author

रायगढ़ में शादी का झांसा देकर महिला से रेप:किराए के मकान में रखा, घर से भी निकाला; शादीशुदा आरोपी गिरफ्तार

दूसरा टेस्ट-श्रीलंका ने 549 रनों पर पहली पारी घोषित की:दूसरे दिन वेस्टइंडीज का स्कोर 58/1, ब्रैंडन किंग 17 रन बनाकर आउट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *