लॉर्ड्स वनडे रोहित का आखिरी मैच हो सकता है:दावा- 2027 वर्ल्डकप योजना का हिस्सा नहीं; सिलेक्टर्स यशस्वी जैसे युवा खिलाड़ियों के पक्ष में

लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच रविवार को होने वाला तीसरा वनडे मुकाबला रोहित शर्मा के इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच साबित हो सकता है। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, BCCI की सिलेक्शन कमेटी ने रोहित शर्मा को साफ कर दिया है कि वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजना का हिस्सा नहीं हैं। कमेटी ने इंग्लैंड दौरे के दौरान मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ बैठक में उन्हें यह फैसला बताया। हालांकि, बोर्ड ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। चयनकर्ताओं ने रोहित से कहा कि यशस्वी जायसवाल जैसे युवा खिलाड़ियों को मौके दिए जाएंगे। हालांकि, उन्होंने रोहित पर यह फैसला छोड़ दिया है कि वह संन्यास लेते हैं या चयन के लिए उपलब्ध रहते हैं। इंग्लैंड दौरे पर रोहित का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। पहले दो वनडे में उन्होंने 11 और 26 रन बनाए। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिटनेस पर काम करने के बावजूद रोहित इस फैसले से खुश नहीं हैं और उन्होंने इंग्लैंड दौरे के दौरान BCCI के कुछ अधिकारियों से भी इस बारे में चर्चा की। इन 3 कारणों से खत्म हो सकता है रोहित का करियर 1. रोहित 2027 वर्ल्ड कप तक 40 साल के हो जाएंगे रोहत की उम्र 39 साल 77 दिन है। 2027 वर्ल्ड कप तक उनकी उम्र 40 साल से अधिक हो जाएगी। ऐसे में सिलेक्टर्स उनकी जगह नए खिलाड़ियों को मौका दे सकते हैं। 2. 2027 वर्ल्ड कप के लिए नई टीम तैयार करना चाहते हैं चयनकर्ता रिपोर्ट के मुताबिक चयन समिति अब 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए नई टीम बनाना चाहती है। इसी वजह से यशस्वी जायसवाल जैसे युवा खिलाड़ियों को लगातार मौके देने की योजना है। टेस्ट में लगातार रन बनाने के बावजूद जायसवाल को वनडे में लंबा इंतजार करना पड़ा है। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ आखिरी वनडे में शतक लगाया था। 3. कप्तानी पहले ही शुभमन गिल को मिल चुकी रोहित से पिछले साल वनडे कप्तानी लेकर शुभमन गिल को जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद से ही संकेत मिलने लगे थे कि चयनकर्ता भविष्य की टीम तैयार करने पर फोकस कर रहे हैं। 4. पहले ही दो फॉर्मेट छोड़ चुके हैं रोहित ने 29 जून 2024 को भारत को टी-20 वर्ल्ड कप जिताने के बाद संन्यास लिया था। इसके बाद 7 मई 2025 को इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया था। भारत को 2 ICC खिताब जीताए रोहित की कप्तानी में भारत 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचा। उन्होंने टीम को पहले गेंद से अटैक करने की स्ट्रैटिजी सिखाई। इससे वनडे क्रिकेट में भारत का नजरिया बदल गया। इसी टेम्पलेट पर भारत ने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप भी जीता। फिर 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीताई। बतौर कप्तान 103 मैच जीते रोहित शर्मा भारत के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। उन्होंने 2017 से 2025 के बीच तीनों फॉर्मेट मिलाकर 142 मैचों में कप्तानी की। इसमें भारत ने 103 मुकाबले जीते। वनडे में उन्होंने 56 मैचों में 42 जीत, टी-20 इंटरनेशनल में 62 मैचों में 49 जीत और टेस्ट में 24 मैचों में 12 जीत दर्ज की। उनकी कप्तानी में भारत ने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर दो ICC खिताब अपने नाम किए। उन्होंने भारत को 2018 और 2023 एशिया कप भी जिताया।

More From Author

पंजाब में शुरू होगी IPL जैसी क्रिकेट लीग:फ्रेंचाइजी के लिए EOI जारी, पोस्टर में शुभमन गिल समेत कई चेहरे; युवाओं को मिलेगा प्लेटफॉर्म

विश्व कप मैच के बाद फॉकलैंड पर फिर भिड़े अर्जेंटीना-ब्रिटेन:ब्रिटिश वॉरशिप के समुद्री इलाके में घुसने का आरोप; खिलाड़ियों के बैनर से विवाद बढ़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *