रेप की कोशिश नाकाम हुई तो महिला को मार-डाला:गला घोंटा, पत्थर से कुचला, पैसों का लालच देकर साथ ले गए थे 2 आरोपी

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान जगह पर ले गए थे। वहां उन्होंने कथित तौर पर महिला से रेप करने की कोशिश की। विरोध करने पर एक आरोपी ने गमछे से महिला का गला दबाया, जबकि दूसरे ने पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर हमला कर उसे मार डाला। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। साथ ही आसपास के लोगों, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर मंगलवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामला दुर्ग के पुलगांव थाना क्षेत्र का है। देखिए पहले ये तस्वीरें… पढ़िए हत्या की पूरी कहानी… पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को मजदूरी करने वाली महिला रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर रिश्तेदारों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसी रात पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। शव को जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखा गया, जहां रिश्तेदारों ने उसकी पहचान भगवंतीन साहू के रूप में की। पोस्टमॉर्टम में महिला के सिर, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोट के निशान मिले। रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलगांव थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 300 से ज्यादा खंगाले गए CCTV फुटेज ASP सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि शुरुआत में यह मामला पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर था। इसे सुलझाने के लिए पुलिस ने स्पेशल टीम बनाई। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आसपास लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा इलाके के लोगों, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से भी पूछताछ की गई। तकनीकी सबूतों और मिले सुरागों के आधार पर पुलिस का शक राइस मिल कर्मचारी हर्ष यादव (19) और मैकेनिक नितेश ठाकुर (20) पर गया। दोनों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की गई। शुरुआत में दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन जब उनके सामने तकनीकी और अन्य साक्ष्य रखे गए तो उन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पैसों का लालच देकर महिला को ले गए आरोपी पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे बाइक से अलग-अलग जगह घूम रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान तहसील कार्यालय के पास उनकी मुलाकात महिला से हुई। दोनों ने उसे पैसों का लालच देकर ई-रिक्शा से पुलगांव नाला के पुराने पुल के पास स्थित सुनसान इलाके में ले गए। वहां दोनों ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला ने इसका विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी। इससे घबराकर दोनों ने उसे मारने की साजिश रची और उसकी हत्या कर दी। एक ने गमछे से गला दबाया, दूसरे ने पत्थर से कुचलकर की हत्या जांच में सामने आया कि पहले हर्ष यादव ने गमछे से महिला का गला दबाया। इसके बाद नितेश ठाकुर ने पास में पड़े बड़े पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए। फिर हर्ष ने भी उसी पत्थर से हमला किया। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों आरोपी पैदल पुलगांव चौक पहुंचे और वहां से लिफ्ट लेकर चंदखुरी चले गए। पुलिस से बचने के लिए दोनों ने अपने कपड़े बदल दिए। एक आरोपी ने अपने कपड़े धोकर छिपा दिए, जबकि दूसरे ने अपने कपड़े घर में रखवा दिए ताकि किसी को उन पर शक न हो। पैसे नहीं थे, इसलिए मोबाइल बेचा; फिर महिला की हत्या कर दी सिटी एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि आरोपी नितेश ठाकुर और हर्ष यादव बाइक से घूमने निकले थे। उनके पास पैसे नहीं थे, इसलिए वे चंदखुरी लौटे और अपना मोबाइल 2,000 रुपए में बेच दिया। इसके बाद दोबारा घूमने निकले, लेकिन रास्ते में उनकी बाइक खराब हो गई। बाइक खड़ी करने के बाद दोनों पैदल घूमने लगे। इसी दौरान उनकी मुलाकात एक महिला से हुई। आरोपियों ने महिला को संबंध बनाने का झांसा देकर अपने साथ चलने के लिए राजी किया। इसके बाद तीनों पैदल घड़ी चौक पहुंचे और वहां से ई-रिक्शा में सवार होकर सुनसान इलाके की ओर गए। झाड़ियों के पास पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। एएसपी के मुताबिक, पैसों के लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर महिला शोर मचाने लगी, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। …………………. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… लव मैरिज करने पर गोंडवाना नेता-जीजा ने किया गैंगरेप: 5 महीने की प्रेग्नेंट को अबॉर्शन की दवा खिलाई; किडनैप कर परिजनों ने सौंपा था
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक 17 साल की लड़की ने इंटर कास्ट लव मैरिज की थी। परिजनों के साथ समाज के प्रमुखों ने उसके ससुराल पहुंचकर उसे अगवा कर लिया। इसके बाद गोंडवाना नेता और उसके जीजा ने किडनैप कर गैंगरेप किया है। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

स्पोर्ट्स अपडेट:अल्टीमेट टेबल टेनिस: कोलकाता ने यू मुंबा को 8-7 से हराया, तीन सेमीफाइनलिस्ट तय

रायपुर में बारिश के बीच कांग्रेसियों ने किया भजन-कीर्तन:राहुल के समर्थन में लोकभवन घेरने पहुंचे, भूपेश बोले- दिल्ली पुलिस मेरा जूता ले गई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *