छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को दो अलग-अलग घटनाओं में हाथियों के हमले से 2 लोगों की मौत हो गई। हाथी बस्ती में घुस आया और जान बचाकर भाग रही महिला को कुचल दिया। मां को पकड़कर उसकी मासूम बेटी रोती दिखी। इस दौरान मौके पर पहुंचे वन विभाग के अमले की गाड़ी को भी हाथी ने सूंड से धक्का मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। जिसका वीडियो भी सामने आया है। वहीं, शौच के लिए निकले ग्रामीण पर हाथी ने हमला कर दिया। जिससे उसकी जान चली गई। फिलहाल, दोनों मामलों में वन विभाग ने आगे की कार्रवाई कर रही है। देखिए तस्वीरें… बस्ती में घुसे हाथी ने महिला को कुचला पहली घटना कापू वन परिक्षेत्र के ग्राम तालगांव बस्ती की है। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे हाथी गांव में घुस आया। हाथी को देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान जान बचाने के लिए घर से बाहर भाग रही शकुंतला बाई (37) पर हाथी ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसकी मासूम बच्ची बाल-बाल बच गई। परिजन और ग्रामीण घायल महिला को तत्काल कापू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वन विभाग की गाड़ी पर भी किया हमला घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथी ने आक्रामक होकर वन विभाग की गाड़ी पर हमला कर दिया। हाथी ने अपने सिर से धक्का मारकर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। शौच के लिए निकले ग्रामीण की भी गई जान दूसरी घटना छाल रेंज के ग्राम औरानारा की है। गांव निवासी बंधन अगरिया (50) सुबह शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान बस्ती के पास मौजूद हाथी ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि ग्रामीण हाथी के काफी करीब पहुंच गया था, जिसके बाद हाथी ने पलटकर हमला कर दिया। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिजनों को तत्काल सहायता, गांवों में अलर्ट इस मामले में धरमजयगढ़ वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि कापू और छाल रेंज में हाथियों के हमले से दो लोगों की मौत हुई है। दोनों मृतकों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता राशि प्रदान कर दी गई है। हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है और प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। ………………………….. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… हाथी से मस्ती करना युवकों को पड़ा भारी, VIDEO: दंतैल ने दौड़ाया, चप्पल-जूते छोड़कर भागे; वन विभाग ने दी चेतावनी सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन क्षेत्र के सिंघरा गांव में एक दंतैल हाथी के साथ मस्ती करना कुछ युवकों को महंगा पड़ गया। हाथी के पास जाकर वीडियो बनाना और उसे छेड़ना शुरू किया तो वह भड़क गया और उनकी तरफ दौड़ पड़ा। इसके बाद जान बचाने के लिए युवकों को चप्पल-जूते छोड़कर भागना पड़ा।
