देश के 6 राज्यों उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में प्री-मानसून बारिश जारी है। यूपी के आगरा में बुधवार को आंधी से सड़क किनारे खड़ी कारों पर पोल गिर गया। दो कारों का पिछला हिस्सा दब गया। राजस्थान के सीकर और चूरू के कई इलाकों में तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया, जिससे बाइक-कारें फंस गईं। दिल्ली में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जबकि हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में बादल फटने से काचरंग नाला में बाढ़ आ गई। मुंबई में अंधेरी सब-वे में पानी भरने के बाद इसे अस्थाई तौर पर बंद किया गया था। विक्रोली वेस्ट में रिहायशी इमारत के पास बनी दीवार गिर गई। कई इलाकों में पेड़ उखड़े, जिसकी चपेट में आने से वाहनों को नुकसान पहुंचा। अरुणाचल प्रदेश में एक हफ्ते से हो रही भारी बारिश के बीच बुधवार को कीयी पन्योर जिले की नीपको प्रोजेक्ट कॉलोनी में बाढ़ आ गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, 4 लोग लापता हैं और 18 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। मध्य प्रदेश और गुजरात में बुधवार को मानसून ने 9 दिन की देरी से एंट्री की। इसके साथ ही मानसून अब देश के 22 राज्यों में पहुंच चुका है। 5 जुलाई तक बाकी राज्यों को भी कवर कर सकता है। पहले मैप में देखिए, कहां तक पहुंचा मानसून… देशभर से बारिश की 5 तस्वीरें… 5 राज्यों में गर्मी का असर, पारा 40°C पार मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, बिहार के कई शहरों में बुधवार को पारा 40°C से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा उत्तर प्रदेश के बांदा में 44.2°C दर्ज किया गया। वहीं, यूपी के प्रयागराज में 43.4°C, राजस्थान के श्रीगंगानगर में 42.5°C, एमपी के खजुराहो 41.2°C और बिहार के पटना में 40.6°C रहा। बिहार के मुजफ्फरपुर में गर्मी को देखते हुए 8वीं तक के स्कूलों को 27 जून तक बंद कर दिया गया है। अगले 2 दिन के मौसम का हाल 26 जून: 27 जून: राज्यों के मौसम का हाल… मध्य प्रदेश: 46 जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, मानसून पूरे राज्य के अगले 2-3 दिन में कवर करेगा मध्य प्रदेश में दक्षिण-पूर्वी हिस्से के 15 जिलों में मानसून की एंट्री हो गई है। प्रदेश के बाकी हिस्सों को अगले 2 से 3 दिन में मानसून कवर कर लेगा। मौसम विभाग के अनुसार- गुरुवार को प्रदेश के 46 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: जयपुर, सीकर, भरतपुर, नागौर में 1 इंच तक बारिश, आज 25 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी राजस्थान में प्री-मानसून बारिश जारी है। आज 25 जिलों में गुरुवार को आंधी-बारिश का अलर्ट है। बुधवार को भरतपुर, जयपुर, नागौर, सीकर और श्रीगंगानगर के कुछ इलाकों में 1 इंच या उससे ज्यादा बारिश हुई। श्रीगंगानगर का अधिकतम तापमान 42.5°C रहा। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: 13 जिलों में हीटवेव, 13 में बारिश का अलर्ट; 60kmph की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है बिहार के तिरहुत, दरभंगा, कोसी, पूर्णिया और सारण ब्लॉक समेत 13 जिलों में आज तेज बारिश का अलर्ट है। राज्य में अभी प्री-मानसून बारिश हो रही है। साथ ही तेज गर्मी का भी असर है। मौसम विभाग ने पटना, दरभंगा समेत 13 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें…
