छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। संगठन के भीतर चल रही चर्चाओं के मुताबिक मुकाबला अब पूर्व विधायक देवेंद्र यादव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खेमे के बीच सिमटता नजर आ रहा है। बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच देवेंद्र यादव के पैनल से बलौदाबाजार के युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य शैलेन्द्र बंजारे सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं। किसे कितने रेफरल मिले सूत्रों के मुताबिक, रेफरल प्रक्रिया के शुरुआती आंकड़ों में शैलेन्द्र बंजारे 317 रेफरल के साथ सबसे आगे हैं। उनके बाद प्रशांत बोकड़े को 224 और सोनू शर्मा को 221 रेफरल मिले हैं। वहीं भूपेश बघेल खेमे से विनय शील की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। उन्हें अब तक 192 रेफरल मिले हैं। लोकेश वशिष्ठ को 183, निखिलकांत साहू को 168, हनी बग्गा को 146 और साजल चंद्राकर को 106 रेफरल मिलने की जानकारी सामने आई है। संगठन के भीतर यह भी चर्चा है कि नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और टीएस सिंहदेव के खेमे का समर्थन देवेंद्र यादव के पैनल को मिल रहा है। माना जा रहा है कि इससे शैलेन्द्र बंजारे की दावेदारी और मजबूत हुई है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। कौन हैं शैलेन्द्र बंजारे? शैलेन्द्र बंजारे बलौदाबाजार जिले के रसेड़ा गांव के रहने वाले हैं। वे 2022 से बलौदाबाजार युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हैं और 2025 में जिला पंचायत सदस्य चुने गए। इससे पहले वे एनएसयूआई में कॉलेज अध्यक्ष और प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। बलौदाबाजार आगजनी कांड के दौरान वे पूर्व विधायक देवेंद्र यादव के साथ जेल भी गए थे। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और देवेंद्र यादव के करीबी माने जाने वाले शैलेंद्र प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार बनकर उभरे हैं। प्रशांत और सोनू भी मजबूत दावेदार रेफरल के आंकड़ों में प्रशांत बोकड़े और सोनू शर्मा भी शीर्ष दावेदारों में शामिल हैं। वहीं विनय शील को भूपेश बघेल खेमे का प्रमुख चेहरा माना जा रहा है। आदित्य भगत का नाम भी चर्चा में है, लेकिन आयु सीमा के कारण उनके चुनाव लड़ने पर संशय जताया जा रहा है। रेफरल क्या है और इसका कितना महत्व रेफरल प्वाइंट यानी युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के दावेदारों को ब्लॉक अध्यक्षों से मिलने वाला शुरुआती समर्थन। इन्हीं के आधार पर संगठन में उम्मीदवारों की शुरुआती पकड़ का आंकलन किया जा रहा है। हालांकि सदस्यता सत्यापन, स्क्रूटनी और आगे की चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होता है। किसको कितने रेफरल प्वाइंट मिले? शैलेन्द्र बंजारे – 317 रेफरल प्रशांत बोकड़े – 224 रेफरल सोनू शर्मा – 221 रेफरल विनय शील – 192 रेफरल लोकेश वशिष्ठ – 183 रेफरल निखिलकांत साहू – 168 रेफरल हनी बग्गा – 146 रेफरल क्या इस बार सर्वसम्मति से चुना जाएगा अध्यक्ष? कांग्रेस के भीतर यह चर्चा भी है कि पिछले युवा कांग्रेस चुनाव में गुटबाजी से संगठन को नुकसान हुआ था, जिसका असर बाद में विधानसभा चुनाव तक देखने को मिला। ऐसे में इस बार वरिष्ठ नेता आपसी सहमति से एक नाम पर फैसला करने की कोशिश कर सकते हैं, ताकि संगठन के भीतर टकराव की स्थिति न बने। हालांकि, इस पर भी अभी कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है। 29 मई से शुरू हुई थी चुनाव प्रक्रिया भारतीय युवा कांग्रेस ने प्रदेश में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया 29 मई से शुरू की थी। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के बाद स्क्रूटनी, सदस्यता सत्यापन और रेफरल की प्रक्रिया चल रही है। सदस्यता के लिए 18 से 35 वर्ष की आयु सीमा तय की गई है। आगे की चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान किया जाएगा।
