भास्कर अपडेट्स:जम्मू-कश्मीर में वैष्णो देवी जा रही CISF जवानों की बस पलटी, 8 जवान और ड्राइवर घायल

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में रविवार को माता वैष्णो देवी मंदिर के ताराकोट मार्ग पर CISF जवानों को लेकर जा रही एक बस पलट गई। हादसे में 8 CISF जवान और बस चालक घायल हो गए। इनमें तीन जवानों की हालत गंभीर बताई गई है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के समय CISF के जवान ड्यूटी पूरी कर मंदिर क्षेत्र से अपने कैंप लौट रहे थे। इसी दौरान ताराकोट मार्ग पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। गंभीर रूप से घायल हेड कांस्टेबल सैमी कुमार, हेड कांस्टेबल एम.एम. दुबे और कांस्टेबल पी.के. त्राया को इलाज के लिए नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक सब-इंस्पेक्टर समेत अन्य घायल जवानों और बस चालक वीरेंद्र सिंह का कटड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है। आज की अन्य बड़ी खबरें… केरल में पानी से भरी खदान में डूबने से 2 छात्रों की मौत; 3 दोस्तों के साथ नहाने गए थे केरल के कोट्टायम जिले में मुक्कूटुथारा के पास पानी से भरी बंद पड़ी खदान में डूबने से दो छात्रों की मौत हो गई। हादसा रविवार शाम करीब 6 बजे हुआ। दोनों तीन अन्य दोस्तों के साथ नहाने के लिए खदान में उतरे थे। मृतकों की पहचान एशले सैंथोस (19) और आशेर सुधीश (15) के रूप में हुई है। दोनों कोडिथोट्टम के रहने वाले थे। एशले ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग का छात्र था, जबकि आशेर प्लस-वन में पढ़ता था। सूचना मिलने पर पुलिस, फायर एंड रेस्क्यू की टीम मौके पर पहुंची और दोनों के शव बाहर निकाले। पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के लिए शवों को कंजीरापल्ली तालुक अस्पताल की मॉर्च्युरी भेजा गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा- दस्तावेज पूरे हों, तभी मानसरोवर यात्रा पर जाएं; चीन का वीजा और एंट्री परमिट नहीं होने से नेपाल में फंस रहे यात्री विदेश मंत्रालय ने निजी टूर ऑपरेटरों के जरिए कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी की है। मंत्रालय ने कहा कि कई यात्री चीन का वीजा और जरूरी एंट्री परमिट लिए बिना नेपाल पहुंच रहे हैं। इससे उन्हें नेपाल में ही रुकना पड़ रहा है और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। मंत्रालय ने यात्रियों से कहा है कि सभी जरूरी दस्तावेज मिलने के बाद ही भारत से यात्रा शुरू करें। साथ ही, जिस टूर ऑपरेटर के जरिए यात्रा बुक कर रहे हैं, उसके रजिस्टर्ड और अधिकृत होने की भी पहले पुष्टि कर लें।

More From Author

बंगाल- आज विधानसभा में पेश हो सकता है UCC बिल:भाजपा ने सरकार बनने के 6 महीने के अंदर लागू करने का वादा किया था

दुर्ग में आइसक्रीम पार्लर की आड़ में सेक्स रैकेट:जलाराम लॉज में रेड, 3 युवतियों समेत 7 अरेस्ट, पुराने ग्राहकों को मिलती थी एंट्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *