निगम का डस्टबिन महंगा..:236 में खरीदा, बाजार में 190-200 का मिला

राजधानी की बस्तियों में कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम 1.60 लाख डस्टबिन बांट रहा है। इसके लिए 15वें वित्त आयोग की राशि से 3.77 करोड़ रुपए खर्च कर 12 लीटर क्षमता के डस्टबिन 235.80 रुपए प्रति नग की दर से खरीदे गए हैं। लेकिन दैनिक भास्कर की पड़ताल में इसी कंपनी और क्षमता का डस्टबिन शहर के खुदरा बाजार में 190 से 200 रुपए में मिला। व्यापारियों का दावा है कि बड़ी मात्रा में खरीदने पर इसकी कीमत और कम हो सकती है। ऐसे में थोक खरीद खुदरा बाजार से महंगी होने पर सवाल उठ रहे हैं। रायपुर नगर निगम ने जेम पोर्टल के माध्यम से निविदा जारी की, जिसमें 17 फर्मों ने भाग लिया। तकनीकी परीक्षण के बाद चार संस्थाओं को पात्र मानते हुए 235.80 रुपए प्रति डस्टबिन की दर से वर्कऑर्डर जारी किए गए। निर्मला हाउसवेयर को 56 हजार, सारथी इंटरप्राइजेस को 49,600, सनशाइन इंडस्ट्रीज को 27,200 और गोदड़ीवाला प्लास्टिक प्राइवेट लिमिटेड को 27,200 डस्टबिन की आपूर्ति का आदेश दिया गया। इस पर कुल 3.77 करोड़ रुपए खर्च किए गए। बस्तियों में होगा वितरण 1.60 लाख डस्टबिन केवल बस्ती क्षेत्रों के घरों में वितरित किए जाएंगे। प्रत्येक वार्ड को बस्तियों की संख्या के अनुसार करीब 2,000 से 2,500 डस्टबिन दिए जा रहे हैं। डस्टबिन वार्ड पार्षदों को उपलब्ध करा दिए गए हैं और आगामी दिनों में उनका वितरण शुरू होगा। भास्कर ग्राउंड रिपोर्ट गुलवानी ट्रेडर्स: थोक में 150 से 160 रुपए में मिलने का दावा बंजारी रोड स्थित गुलवानी ट्रेडर्स पर भी भास्कर ने डस्टबिन की कीमत की जानकारी जुटाई। दुकान संचालक लालचंद गुलवानी ने बताया कि उनके पास च्वाइस कंपनी का डस्टबिन उपलब्ध नहीं था। इस पर उन्होंने संबंधित व्यापारियों से फोन पर संपर्क कर कीमत की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि च्वाइस कंपनी का 12 लीटर क्षमता वाला डस्टबिन खुदरा बाजार में 190 रु. का है, जबकि थोक में इसकी कीमत 150 से 160 रु. तक हो सकती है। इंडियन गिफ्ट पैलेस: 210 का बताया, 200 रुपए में बेचा बंजारी रोड स्थित इंडियन गिफ्ट पैलेस से भास्कर ने च्वाइस कंपनी का 12 लीटर क्षमता वाला डस्टबिन खरीदा। दुकानदार ने इसकी खुदरा कीमत 210 रुपए बताई, लेकिन 200 रुपए में बेच दिया। डस्टबिन में हैंडल और ढक्कन दोनों हैं। जब उनसे इसी डस्टबिन की थोक कीमत पूछी गई तो उन्होंने बताया कि अधिक संख्या में खरीदने पर यह 20 से 30 रुपए कम कीमत में मिल सकता है। उन्होंने खरीद की रसीद भी उपलब्ध कराई।

More From Author

देसी धान बचाने का ऐसा जुनून:आधे एकड़ खेत में उगा दी 76 किस्में, रायगढ़ के किसान ने शुरू किया देसी धान संरक्षण अभियान

पवन खेड़ा बोले-RSS का इतिहास में कोई योगदान नहीं:रायपुर में कहा-राम के नाम पर भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं;कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर के समापन में होंगे शामिल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *