बिलासपुर में रातभर झमाझम बारिश…घरों में घुसा पानी,VIDEO:सड़कों पर बहा नाले का पानी, निचली कॉलोनियां जलमग्न, जलभराव से लोग परेशान,आज भी बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मानसून ने गुरुवार को जोरदार दस्तक दी। सुबह से ही आसमान पर घने बादल छाए रहे और उमस भरे मौसम के बीच दोपहर में रिमझिम बारिश शुरू हुई। शाम ढलते-ढलते बारिश का दौर तेज हो गया और रात में मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया। लगातार तेज बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों पर नाले का पानी बहने लगा, जबकि निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। रातभर हुई बारिश से शहर के कई मोहल्लों, कॉलोनियों और मुख्य मार्गों पर पानी भर गया। कई जगह सड़क और नाले का अंतर खत्म हो गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोग रातभर पानी घरों में घुसने की आशंका के चलते जागते रहे। कुछ इलाकों में लोगों को घरों से पानी निकालने के लिए मशक्कत भी करनी पड़ी। देखिए तस्वीरें… सड़कों पर आया नालों का पानी, सड़कें हुई लबालब बारिश के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात भी प्रभावित रहा। जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति बन गई। लगातार बारिश से मौसम जरूर सुहावना हो गया, लेकिन शहर की जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खुल गई। रिहायशी इलाकों में भी भरा पानी गुरुवार को रात हुई बारिश के चलते श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार कॉलोनी, मित्र विहार के साथ ही सरकंडा के बंधवापारा, जोरापारा, शिवम होम्स सहित शहर के रिहायशी इलाकों में भी पानी भर गया। बारिश का पानी कई घरों में घुस गया। इसके चलते लोगों को परेशान होना पड़ा। निगम के ड्रेनेज सिस्टम की खुली पोल, सफाई का दावा फेल नगर पालिक निगम बिलासपुर के कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने पिछले दिनों शहर में लगातार हो रही बारिश के के दौरान जलभराव के लिए संवेदनशील एवं संभावित क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चौबे कॉलोनी, जोरापारा, बंधवापारा, सिम्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के बाजू स्थित क्षेत्र, मंगला, अभिषेक विहार, गंगानगर, हंसा विहार, श्रीकांत वर्मा मार्ग, तालापारा और भारती नगर सहित विभिन्न स्थानों का दौरा कर जल निकासी व्यवस्था, नालों-नालियों की स्थिति एवं सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। दावा किया गया कि निरीक्षण के दौरान शहर में अब तक कहीं भी बड़े स्तर पर जलभराव की स्थिति निर्मित नहीं हुई है। अधिकांश नालों एवं नालियों में वर्षा जल का प्रवाह सुचारु रूप से हो रहा है, जिससे नागरिकों को राहत मिली है। लेकिन, गुरुवार को हुई बारिश ने निगम प्रशासन के सारे दावों की पोल खोल दी। आज भी हो सकती है भारी बारिश मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवा चलने की भी आशंका जताई गई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा जलभराव और नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

More From Author

IRCTC की नई टिकट बुकिंग वेबसाइट लॉन्च:डीजल-ATF पर एक्सपोर्ट ड्यूटी बढ़ी, पेट्रोल पर घटी; इंस्टाग्राम पर एडिट फीचर से बैकडेट की जा रहीं पोस्ट

एयर इंडिया का नया एप लॉन्च:फ्लाइट लेट या कैंसिल होने पर होम स्क्रीन पर फ्री होटल-कैब की डिटेल मिलेगी, पेमेंट भी आसान होगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *