बस्तर पंडुम-2026 के विजेताओं का गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में अभिनंदन हुआ। बस्तर के प्रतिनिधिमंडल के 209 सदस्यों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने हाथों से खाना परोसा। मुख्यमंत्री साय के अनुरोध पर राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि वे भविष्य में बस्तर दशहरा और बस्तर पंडुम में अवश्य आएंगी। राष्ट्रपति ने कहा कि मांझी उनके परिवार का हिस्सा हैं। उनके पिता भी मांझी थे। बस्तर पंडुम छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय परंपराओं, लोककलाओं और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उत्सव है। बस्तर में शिक्षा, सड़क, बिजली, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार पूरे देश के लिए प्रसन्नता और गर्व का विषय बताया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोकजीवन को राष्ट्रपति के समक्ष प्रस्तुत करने का यह ऐतिहासिक अवसर रहा। आज बस्तर शांति, विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है। इस मौके पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सीएम के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, जनसम्पर्क आयुक्त रजत बंसल आदि मौजूद थे।
