बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र के कंदरी गांव में बुधवार को बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी वे बिजली की चपेट में आ गए। मृतकों की पहचान कंदरी निवासी अर्जुन राम (30 वर्ष), पिता मंडूर कश्यप, और संजय पैकरा (42 वर्ष), पिता जोगरा पैकरा, के रूप में हुई है। बताया गया कि क्षेत्र में अचानक मौसम खराब हो गया था और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई थी। इसी दौरान दोनों युवक बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। पेड़ के नीचे खड़े दो युवक पर गिरी बिजली प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर बाद तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ के पास गिरी, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर चांदो थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। चांदो थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह टेकाम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि खराब मौसम, गरज-चमक और बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें। उन्होंने सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय स्थल में रहने को सबसे सुरक्षित उपाय बताया। इस घटना के बाद कंदरी गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और राजस्व विभाग की टीम भी मामले की जानकारी जुटा रही है।
