कोरबा में लोन के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार:यूट्यूब से सीखकर लोगों से करता था ठगी, आरोपी से 27,070 रुपए बरामद

कोरबा में ‘सजग कोरबा – सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत साइबर थाना ने लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की राशि में से 27,070 रुपए नकद बरामद किए हैं। आरोपी यूट्यूब से सीखकर लोगों को बैंक लोन का झांसा देकर ठगी करता था। आरोपी की पहचान पुष्पेन्द्र कुमार मेहर (25 वर्ष) निवासी सेमरा, थाना डबरा, जिला शक्ति, हाल मुकाम रिस्दी, थाना बालको के रूप में हुई है। वह लोगों को आसान किस्तों पर लोन दिलाने का लालच देता था। पुष्पेन्द्र विभिन्न व्यक्तियों को अपने प्रभाव में लेकर उनके नाम पर सिम कार्ड लेता था और उन्हीं सिम का उपयोग साइबर अपराधों के लिए करता था। ठगी के बाद वह साक्ष्य मिटाने के लिए सिम कार्ड नष्ट कर देता था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 2023 में भी एक व्यक्ति को लोन का झांसा देकर 40,000 रुपए की ठगी की थी। ताजा मामले में, 22 जून 2026 को आरोपी ने रूमगढ़ा चौक में व्यवसाय करने वाली महिला नोनी बाई यादव को 11,000 रुपए मासिक किस्त पर 5,00,000 रुपए का लोन दिलाने का लालच दिया। आरोपी ने महिला के फोन में PhonePe चलाकर 40,500 रुपए एक अन्य व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर करवा दिए। उसने पहले ही उस खाताधारक को लोन दिलाने का झांसा देकर उसका QR कोड ले लिया था। बाद में वह उस व्यक्ति के साथ बैंक गया और खाते से नकद निकालकर अपने पास रख लिया। पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसके पास से 27,070 रुपए नकद बरामद किए गए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले व नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा की टीम ने की।

More From Author

दावा-केतन को धक्का देने के बाद सिया मदद को चिल्लाई:मां बोलीं- बेटी अगर दोषी, उसे भी किले से नीचे फेंक दो

बलरामपुर में बिजली गिरी, दो युवकों की मौत:कंदरी गांव की घटना, बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े थे दोनों, चपेट में आए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *