बर्थडे पार्टी के दौरान गाड़ी से कुचलकर युवक की हत्या:कोरबा के मीरा-रिसोर्ट में नशे में हुआ विवाद, मारपीट के बाद वारदात, आरोपी फरार

कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक जन्मदिन पार्टी विवाद में बदल गई। मीरा रिसोर्ट में हुए झगड़े के दौरान दीपका निवासी युवक उज्जवल सिंह को कैंपर वाहन से कुचल दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी तुषार ढांढा वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, दीपका क्षेत्र के ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा का जन्मदिन था। इसे मनाने के लिए दीपका से लगभग 20 से 25 युवक रात को मीरा रिसोर्ट पहुंचे थे। पार्टी देर रात तक जारी रही। रात करीब 1:30 बजे किसी मामूली बात पर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि पार्टी में शराब का अत्यधिक सेवन किया गया था, जिसके कारण विवाद बढ़ता चला गया। शुरुआती कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई। इसी अफरातफरी के बीच आरोपी तुषार ढांढा ने कथित तौर पर कैंपर वाहन को उज्जवल सिंह पर चढ़ा दिया। वाहन की चपेट में आने से उज्जवल को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद रिसोर्ट में हड़कंप मच गया। आरोपी तुषार ढांढा कैंपर समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक उज्जवल सिंह दीपका के गरुणनगर का निवासी था और अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। पुलिस ने तुषार ढांढा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश के लिए एक टीम गठित की गई है। कैंपर वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस रिसोर्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पार्टी में शामिल अन्य युवकों से पूछताछ कर रही है।

More From Author

जोकोविच ने फेडरर के विंबलडन रिकॉर्ड की बराबरी की:105वां मैच जीता, 18वीं बार राउंड-4 में पहुंचे; अब सबालेंका-ओसाका की टक्कर

वैभव सूर्यवंशी ने इंटरनेशनल डेब्यू के संकेत दिए:इंस्टा स्टोरी में न्यू चैप्टर लिखा; आज भारत और इंग्लैंड में दूसरा टी-20 मैच

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *