प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ शुरू करेंगे। इसका मकसद युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और उन्हें अपने समाज में बदलाव लाने के लिए आगे बढ़ाना है। इस ऑनलाइन कार्यक्रम में देशभर की 10 हजार से ज्यादा जगहों से युवा शामिल हो रहे हैं। इनमें MY Bharat, NSS (राष्ट्रीय सेवा योजना) के स्वयंसेवक, युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी , NGO और 125 से ज्यादा आध्यात्मिक संगठन के लोग शामिल हैं। पीएम का नशा मुक्त युवा अभियान अगले 100 हफ्तों तक चलेगा। इसके तहत हर रविवार देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम होंगे, जिनके जरिए लोगों को नशे के नुकसान बताए जाएंगे और नशा मुक्त भारत का संदेश दिया जाएगा। नशे के खिलाफ जन आंदोलन बनाने की कोशिश सरकार चाहती है कि इस अभियान में स्कूल, कॉलेज, युवा संगठन, सामाजिक संस्थाएं, उद्योग संगठन और आध्यात्मिक संस्थाएं मिलकर काम करें। उद्देश्य है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस मुहिम से जुड़ें और नशे के खिलाफ इसे जन आंदोलन बनाया जाए।
