छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित गांधीनगर थाना क्षेत्र के बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर बड़ी सेंधमारी हुई है। मंगलवार की रात खाना खाने के बाद करीब 13 नाबालिग बच्चे पुराने और कमजोर दरवाजे को क्षतिग्रस्त कर भाग निकले। आनन-फानन में नाकाबंदी कर पुलिस ने रात में ही 2 बच्चों को दोबारा दबोच लिया है, लेकिन मर्डर, रेप और लूट जैसे गंभीर मामलों के आरोपी 11 बच्चे अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इसमें पहले भी भाग चुका मास्टरमाइंड लड़का भी शामिल है। इससे पहले इसी संप्रेक्षण गृह से महज 23 दिन पहले (23 जून को) खराब मौसम, मूसलाधार बारिश और बिजली गुल होने का फायदा उठाकर 11 बच्चे बैरक की लोहे की ग्रिल उखाड़कर भाग गए थे, जिनमें से 10 को बाद में बरामद किया गया था। एक अब भी फरार है। हाल ही में बिलासपुर के बाल सुधार गृह में 4 नाबालिगों ने जेल शिफ्ट होने से बचने के लिए ड्यूटी पर तैनात चौकीदार की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी और फरार हो गए थे, जिसके बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया था। पहले भी भागा था मास्टरमाइंड बाल संप्रेक्षण गृह की परीविक्षा अधिकारी शमा नूरी ने बताया कि, मंगलवार रात करीब 8:00 से 8:15 बजे के बीच सभी बच्चों को खाना दिया गया था। खाना खाने के बाद बच्चे अपने कमरों में गए। वहां लगे एक पुराने और जर्जर दरवाजे को तोड़कर सभी 13 बच्चे परिसर से भाग खड़े हुए। जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड वही लड़का है, जो 23 जून की घटना में भी शामिल था। जिसे बाद में पुलिस ने पकड़ लिया था। इस बार वह अपने साथ 2 पुराने और 10 नए बच्चों को लेकर भागने में कामयाब रहा। सुरक्षा बढ़ाने की गई मांग शमा नूरी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी से मिलकर नगर सैनिकों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई थी। उन्होंने सहमति और आश्वासन भी दिया है। बाल संरक्षण गृह परिसर में जितने भी खिड़की, दरवाजे हैं, उनमें बेल्डिंग करने का काम चल रहा है। रेप, मर्डर और चोरी के आरोपी फरार नाबालिग बच्चों में सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया जिले के शामिल हैं। इनमें कुछ रेप, मर्डर और चोरी के आरोपी शामिल हैं। सबंधित थानों की पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। फरार बच्चों की तलाश में जुटी टीम इस मामले में गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि, दो बच्चे मिल गए हैं। बाकी की तलाश के लिए टीम लगी हुई है। रात से बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत कई जगहों पर निगरानी की जा रही है। सभी को जल्द पकड़ लिया जाएगा। ………………………. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… 1. सुधार गृह में चौकीदार की हत्या कर भागे 4 लड़के: हाथ-पैर बांधकर गला घोंटा, हत्या-दुष्कर्म के आरोप में बंद थे, शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बाल सुधार गृह से चार लड़के चौकीदार की हत्या कर फरार हो गए। आरोप है कि चारों ने पहले चौकीदार के साथ मारपीट की, फिर उसके हाथ-पैर बांधकर गला दबा दिया और मुंह में गमछा ठूंस दिया। वारदात के बाद सभी मौके से भाग निकले। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। पढ़ें पूरी खबर… 2. खिड़की उखाड़कर बाल सुधार गृह से 11 नाबालिग भागे:तेज बारिश बिजली गुल होने का फायदा उठाया; हत्या-रेप और लूट मामलों में थे बंद छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में बाल संप्रेक्षण गृह से 11 नाबालिग लड़के खिड़की उखाड़कर भाग गए। ये सभी हत्या, रेप, लूट और अन्य गंभीर मामलों में अंदर थे। खराब मौसम, तेज बारिश और बिजली गुल होने का फायदा उठाकर नाबालिगों ने एक बैरक की खिड़की पूरी तरह उखाड़ दी और वहां से बाहर निकल गए। पढ़ें पूरी खबर…
