रायपुर के नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस आज फिर प्रदर्शन करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज प्रभावित परिवारों के साथ नकटी गांव से राजभवन (लोकभवन) तक 14KM पदयात्रा पर करेंगे। पदयात्रा के बाद राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की जाएगी। कांग्रेस ने राज्यपाल से मुलाकात के लिए समय मांगा है। इसके लिए राजभवन को रिमाइंडर पत्र भी भेजा गया है। पार्टी को आज मुलाकात का समय मिलने की उम्मीद है। इस दौरान श्रीराम मंदिर तिराहा (करेंसी टॉवर) से तेलीबांधा थाना तिराहा तक सर्विस रोड 5 घंटे बंद रहेगा। आम पब्लिक से मेन-रोड का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। कार्रवाई और पुनर्वास की मांग कांग्रेस का आरोप है कि नकटी गांव में गरीब परिवारों के मकान तोड़े गए हैं। पार्टी प्रभावित परिवारों को न्याय, उचित पुनर्वास और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी। 29 जून को नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद से कांग्रेस लगातार इस मुद्दे पर सरकार को घेर रही है। विधानसभा में भी पार्टी ने इस मामले को प्रमुखता से उठाने का फैसला किया है। अब पदयात्रा के जरिए कांग्रेस सड़क से राजभवन तक विरोध दर्ज कराएगी। ट्रैफिक एडवाइजरी: 11 बजे से 4 बजे तक सर्विस रोड बंद रहेगी पदयात्रा को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। समय: सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक रूट: श्रीराम मंदिर तिराहा (करेंसी टॉवर) से तेलीबांधा थाना तिराहा तक व्यवस्था: इस मार्ग की सर्विस रोड पूरी तरह बंद रहेगी। महासमुंद से दुर्ग की ओर जाने वाले वाहन चालकों से मुख्य मार्ग का इस्तेमाल करने और सर्विस रोड से बचने की अपील की गई है। ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। सोमवार को बनी थी पदयात्रा की रणनीति पदयात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार को राजीव भवन में कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई थी। जिसमें प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने पदयात्रा की रूपरेखा पर चर्चा की और नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी थीं। इस बैठक में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व विधायक अनीता शर्मा, प्रदेश महामंत्री दीपक मिश्रा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, पूर्व महापौर एजाज ढेबर, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, बीरगांव महापौर नंदलाल देवांगन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
