नवरात्रि पर पुलिस ने बनाई ‘शक्ति टीम’:रायगढ़ में दुर्गा पंडालों पर गश्त करेंगी 14 महिला पुलिसकर्मी; छेड़खानी पर सीधे थाने लाए जाएंगे बदमाश

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में शारदीय नवरात्रि को लेकर पुलिस ने एक पहल की है। इसमें युवती और महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की शक्ति टीम का गठन किया गया है। इसमें 1 ASI, 3 हेड कॉन्स्टेबल के साथ ही 10 आरक्षकों की टीम बनाई गई है। इससे पहले महिला रक्षा टीम भी बनाई गई थी अब पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने इन्हीं टीम के सदस्यों को नया जिम्मा सौंपा है। नवरात्रि भर शक्ति टीम शहर के दुर्गा पंडालों के आसपास दुपहिया वाहनों में गश्त करेगी। कैसे और क्या काम करेगी ‘शक्ति टीम’ शक्ति टीम शाम को पांच बजे से रात 11 बजे तक पेट्रोलिंग करेगी। यह शहर के सभी दुर्गा पंडालों में बारी-बारी जाएगी। इसके बाद यहां कुछ देर रुककर असामाजिक तत्वों पर नजर रखेगी। अगर किसी भी प्रकार की छेड़खानी या बदसलूकी की जानकारी मिलती है तो महिला पुलिसकर्मी तत्काल बदमाशों को संबंधित थाने ले जाएंगी। यहां से आगे की कार्रवाई पुलिस करेगी। डीएसपी करेंगी मॉनिटरिंग
बताया जा रहा है कि इस पूरी टीम की मॉनिटरिंग डीएसपी अनामिका जैन करेंगी। शक्ति टीम इन्हें ही रिपोर्टिंग करेगी। इसके अलावा यह टीम महिलाओं की सहायता और मार्गदर्शन के लिए भी काम करेगी। शक्ति टीम के प्रभारी ने शहर के दुर्गा पंडालों में पहुंचकर वहां की जानकारी भी जुटा ली है। पंडाल के सदस्यों के नंबर लिए गए हैं जिससे जरूरत पड़ने पर उनसे तुरंत संपर्क किया जा सके। इसके अलावा हर पंडाल में पुलिस कंट्रोल का नंबर भी दिया गया है। रायगढ़ के अधिकतर पंडालों में सप्तमी से होती है स्थापना शहर के अधिकतर पंडालों में नवरात्रि पर पहले दिन से प्रतिमा स्थापित नहीं की जाती। मां दुर्गा की प्रतिमा को सप्तमी से पंडालों में विराजमान किया जाता है। इससे सप्तमी, अष्टमी, नवमी और दशहरा के दिन शहर में अच्छी खासी भीड़ होती है। ऐसे में शक्ति टीम का काम इस दौरान अधिक बढ़ जाएगा। शक्ति टीम प्रभारी एएसआई मंजू मिश्रा ने बताया कि महिला पुलिसकर्मियों की टीम लगातार शहर में पेट्रोलिंग करेगी और असामाजिक तत्वों पर नजर रखेगी।

More From Author

छत्तीसगढ़ में बारिश थमने से चढ़ने लगा पारा:चार शहरों में दिन का तापमान 34 डिग्री पार, रायपुर सबसे गर्म; आज पड़ सकती हैं बौछारें

मिर्जापुर में ट्रक की टक्कर में 10 की मौत:स्पीड इतनी तेज कि ट्रैक्टर पर चढ़ गया, ट्रॉली से उछलकर 15 फीट दूर गिरे लोग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *